News Image

धरती की ओर लौट रहे शुभांशु शुक्ला, शाम को अनडॉक होगा स्पेसक्राफ्ट; जानें कब और कैसे होगी वापसी

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर 18 दिन बिताने के बाद अब धरती पर लौटने को तैयार हैं। एक्सिओम स्पेस के Axiom-4 मिशन के तहत वे सोमवार शाम को अपने रिटर्न जर्नी की शुरुआत करेंगे।

शुक्ला की वापसी भारतीय अंतरिक्ष इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ रही है। उनके साथ इस मिशन में हंगरी और पोलैंड के अंतरिक्ष यात्री भी शामिल हैं, जिन्होंने चार दशक बाद फिर से मानव अंतरिक्ष उड़ान में भागीदारी की है।

कब और कैसे होगी वापसी?

सोमवार दोपहर 2:00 बजे (IST): शुभांशु शुक्ला और उनकी टीम ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट में सवार होंगे।

शाम 4:35 बजे (IST): अंतरिक्ष यान ISS से अनडॉक होगा।

22.5 घंटे की यात्रा के बाद,

मंगलवार दोपहर 3:01 बजे (IST): कैलिफोर्निया तट के पास समुद्र में सुरक्षित स्प्लैशडाउन होगा।

वापसी की पूरी प्रक्रिया स्वचालित (ऑटोमेटेड) होगी, जिसमें किसी मैनुअल हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

वापसी प्रक्रिया कैसी होगी?

अनडॉकिंग के बाद, स्पेसक्राफ्ट खुद को अंतरिक्ष स्टेशन से सुरक्षित दूरी पर ले जाएगा।

पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करते समय इसका बाहरी तापमान 1,600 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

पैराशूट सिस्टम दो चरणों में सक्रिय होगा:

5.7 किमी की ऊंचाई पर स्टेबलाइजिंग चूट्स खुलेंगे।

2 किमी की ऊंचाई पर मेन पैराशूट्स खुलेंगे, जो सॉफ्ट लैन्डिंग सुनिश्चित करेंगे।

विदाई समारोह में क्या बोले शुभांशु शुक्ला?

रविवार को आयोजित विदाई समारोह में शुक्ला ने कहा,

“जल्द ही धरती पर आपसे फिर मुलाकात होगी। यह यात्रा अविस्मरणीय रही। मैंने जो अनुभव किया, उसकी कल्पना भी नहीं की थी।”

उन्होंने भारत की अंतरिक्ष क्षमता पर बात करते हुए कहा,

“1984 में राकेश शर्मा ने जो भारत देखा था, आज का भारत उससे कहीं अधिक आत्मविश्वासी, महत्वाकांक्षी और गर्व से भरा हुआ है। आज भी मैं पूरे विश्वास से कह सकता हूं — ‘सारे जहां से अच्छा, हिंदोस्तां हमारा।’

गगनयान के लिए क्यों अहम है यह मिशन?

इसरो ने Axiom-4 मिशन में शुक्ला की भागीदारी के लिए लगभग ₹550 करोड़ रुपये का निवेश किया है। यह मिशन गगनयान की तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिसे 2027 में लॉन्च किया जाना है। शुक्ला का यह अनुभव भारत की पहली स्वदेशी मानव अंतरिक्ष उड़ान के लिए बुनियाद तैयार करेगा।