News Image

भुवनेश्वर में राहुल गांधी का भाजपा पर तीखा हमला, कहा- "बिहार में चुनाव चोरी की साजिश रची जा रही है"

 

भुवनेश्वर: कांग्रेस के 'संविधान बचाओ समावेश' कार्यक्रम के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार महाराष्ट्र में चुनाव प्रक्रिया में अनियमितता हुई, वैसा ही अब बिहार में दोहराया जा रहा है।

राहुल गांधी ने कहा, "भाजपा बिहार में चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की साजिश कर रही है। चुनाव आयोग इस पूरे प्रयास में भाजपा की एक शाखा की तरह कार्य कर रहा है। हम इस साजिश को सफल नहीं होने देंगे।"

उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच एक करोड़ नए मतदाता जोड़े गए, जिनकी पहचान अब तक स्पष्ट नहीं है। कांग्रेस ने इस संबंध में कई बार चुनाव आयोग से मतदाता सूची और वीडियोग्राफी की मांग की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने हाल ही में बिहार दौरे के दौरान 'इंडिया' गठबंधन के नेताओं के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की और भरोसा दिलाया कि भाजपा और चुनाव आयोग को चुनाव में हेराफेरी नहीं करने दी जाएगी।

ओडिशा सरकार और अदाणी समूह पर भी साधा निशाना

ओडिशा सरकार पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि राज्य की सरकार गरीबों के अधिकारों और संसाधनों को छीनने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले बीजद और अब भाजपा की अगुवाई वाली सरकार राज्य के गरीब, दलित, आदिवासी, किसान और मजदूरों के हितों की अनदेखी कर रही है।

उन्होंने कहा, "ओडिशा की सरकार वास्तव में 5-6 अरबपतियों के इशारों पर चल रही है। अदाणी समूह राज्य की नीतियों को प्रभावित कर रहा है। जगन्नाथ यात्रा के दौरान रथ रोककर अदाणी परिवार को विशेष सुविधाएं दी जाती हैं, जो सरकार की नीयत को दर्शाता है।"

राहुल गांधी ने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि ओडिशा में 40,000 से अधिक महिलाएं लापता हैं और राज्य सरकार उनकी स्थिति को लेकर अब तक स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में प्रतिदिन औसतन 15 महिलाओं के साथ यौन हिंसा के मामले सामने आते हैं।

जनता से की एकजुटता की अपील

राहुल गांधी ने कहा कि यह समय एकजुट होकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के साथ मिलकर अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ें।