
ऑपरेशन सिंधु: ईरान से 272 भारतीय नागरिक सुरक्षित स्वदेश लौटे, हालात सामान्य होने पर भारतीय दूतावास ने निकासी डेस्क बंद की
इस्राइल-ईरान संघर्षविराम के बाद भी भारत सरकार अपने नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने की प्रक्रिया जारी रखे हुए है। इसी क्रम में बुधवार रात ईरान के मशहद शहर से 272 भारतीय और 3 नेपाली नागरिकों को सुरक्षित दिल्ली लाया गया। यह निकासी ऑपरेशन सिंधु के तहत की गई, जिसके अंतर्गत अब तक कुल 3,426 नागरिकों की सकुशल वापसी हो चुकी है।
भारत सरकार ने यह अभियान उस समय शुरू किया था जब ईरान और इस्राइल के बीच हालात तेजी से बिगड़ रहे थे। हालांकि अब दोनों देशों के बीच संघर्षविराम लागू हो चुका है, फिर भी क्षेत्र में हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं।
भारतीय दूतावास ने निकासी डेस्क किया बंद
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को जानकारी दी कि संघर्षविराम को ध्यान में रखते हुए अब नागरिकों की निकासी प्रक्रिया धीरे-धीरे समाप्त की जा रही है। इसके साथ ही, निकासी के लिए खोला गया विशेष संपर्क डेस्क अब बंद कर दिया गया है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इस बारे में जानकारी साझा की।
सरकार को नागरिकों का धन्यवाद
तनावपूर्ण हालात से लौटे नागरिकों ने भारत सरकार, विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि निकासी प्रक्रिया के दौरान उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा और ईरानी व भारतीय दोनों सरकारों ने सहयोगात्मक रवैया अपनाया।
स्थिति पर बनी रहेगी नजर
भारतीय दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारत सरकार क्षेत्र की परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। यदि हालात दोबारा बिगड़ते हैं या भारतीय नागरिकों को कोई खतरा होता है, तो सरकार तत्काल अपनी रणनीति की पुन: समीक्षा करेगी।
संघर्षविराम की पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि मंगलवार को इस्राइल और ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में प्रस्तावित संघर्षविराम को स्वीकार कर लिया, जिससे पश्चिम एशिया में बीते 12 दिनों से जारी तनावपूर्ण युद्ध पर विराम लग गया।