News Image

नीरज चोपड़ा के 11 सर्वश्रेष्ठ थ्रो: पेरिस डायमंड लीग जीतने के लिए 88.16 मीटर दूर फेंका भाला

 

भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर अपने प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने पेरिस डायमंड लीग 2025 का खिताब जीतते हुए पहला स्थान हासिल किया। हालांकि वे 90 मीटर के आंकड़े को नहीं पार कर पाए, फिर भी उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 88.16 मीटर रहा, जो उन्होंने पहले ही प्रयास में हासिल किया।

इस मुकाबले में नीरज के प्रतिद्वंद्वी जर्मनी के जूलियन वेबर रहे, जिन्होंने 87.88 मीटर के थ्रो के साथ दूसरा स्थान पाया। ब्राजील के लुइस मौरिसियो दा सिल्वा 86.62 मीटर की दूरी के साथ तीसरे स्थान पर रहे। नीरज के कुल छह प्रयासों में से तीन फाउल रहे। उनका दूसरा थ्रो 85.10 मीटर और अंतिम थ्रो 82.89 मीटर का रहा।

नीरज ने इसी वर्ष मई में दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर की दूरी तय कर पहली बार 90 मीटर क्लब में प्रवेश किया था। वे इस उपलब्धि को हासिल करने वाले विश्व के 25वें और एशिया के तीसरे खिलाड़ी बने। एशिया से केवल पाकिस्तान के अरशद नदीम (92.97 मीटर) और चीनी ताइपे के चाओ सुन चेंग (91.36 मीटर) ही इससे पहले यह आंकड़ा पार कर चुके हैं।

नीरज जुलाई में एनसी क्लासिक जेवलिन थ्रो टूर्नामेंट में नजर आएंगे। आइए डालते हैं एक नजर नीरज चोपड़ा के अब तक के 11 सर्वश्रेष्ठ थ्रो पर:

नीरज चोपड़ा के टॉप 11 थ्रो

90.23 मीटर – दोहा डायमंड लीग 2025
नीरज ने अपने करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया, जब उन्होंने दोहा में 90.23 मीटर भाला फेंका। हालांकि वे इस थ्रो के बावजूद दूसरे स्थान पर रहे, क्योंकि जूलियन वेबर ने आखिरी प्रयास में 91.06 मीटर थ्रो कर जीत दर्ज की।

89.94 मीटर – स्टॉकहोम डायमंड लीग 2022
नीरज ने स्वीडन के स्टॉकहोम में शानदार प्रदर्शन करते हुए 89.94 मीटर का थ्रो फेंका और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस थ्रो से उन्होंने पावो नुरमी गेम्स में बनाए अपने पुराने रिकॉर्ड (89.30 मीटर) को पीछे छोड़ा।