News Image

गिरावट के बावजूद वाहन बिक्री का नया रिकॉर्ड, मई में 20 लाख से ज्यादा गाड़ियां बिकीं

मई 2025 में भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार ने एक बार फिर से नई ऊंचाई छू ली है। सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स यानी सियाम के आंकड़ों के मुताबिक, इस महीने सभी श्रेणियों के कुल 20 लाख 12 हजार 969 वाहन बिके। यह पिछले साल मई 2024 की तुलना में 1.8% ज्यादा है।

हालांकि यात्री वाहनों (पीवी) की बिक्री में थोड़ी 0.8% की गिरावट आई, फिर भी यह मई महीने की अब तक की दूसरी सबसे ज्यादा बिक्री रही। इस साल मई में 3,44,656 पीवी बिके, जबकि पिछले साल 3,47,492 वाहन बिके थे।

मारुति सुजुकी ने एक बार फिर बाज़ार में बाजी मारी, 1.35 लाख से ज्यादा गाड़ियां बेचीं। महिंद्रा ने 52 हजार से ज्यादा, जबकि ह्यूंडई की बिक्री घटकर 43,861 यूनिट रही।

दोपहिया वाहनों की बिक्री में 2.2% की बढ़त देखने को मिली। स्कूटर की बिक्री में 7.1% की वृद्धि, जबकि मोटरसाइकिल की बिक्री लगभग स्थिर रही।

वहीं, तिपहिया वाहनों की बिक्री में 3.3% की गिरावट आई।

सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने बताया कि फरवरी से रेपो रेट में 1% की कटौती और सामान्य से अच्छा मानसून ऑटो सेक्टर के लिए सकारात्मक संकेत हैं।