News Image

राजस्व एवं उपनिवेशन मंत्री हेमंत मीणा ने वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान में किए गए श्रमदान कार्य का किया निरीक्षण

नगर निगम अधिकारियों को समयबद्ध सफाई कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

 

राजस्व एवं उपनिवेशन मंत्री श्री हेमंत मीणा ने सोमवार को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने त्रिदिवसीय श्रमदान अभियान के तहत आनासागर झील के विभिन्न तटों पर चल रही सफाई गतिविधियों का जायज़ा लिया तथा अभियान में प्रशासन और आमजनों की सहभागिता की सराहना की।

 निरीक्षण के दौरान श्री मीणा ने झील क्षेत्र में साफ सफाई की स्थिति को देखा और अभियान में किए गए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष रहे सफाई कार्य को तय समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के पश्चात भी नियमित सफाई, निगरानी और रखरखाव की व्यवस्था सुनियोजित ढंग से की जाए।

  श्री मीणा ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की दूर दृष्टि का परिणाम है, जिसका उद्देश्य जल स्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को केवल एक सरकारी गतिविधि नहीं मानकर, एक जन आंदोलन के रूप में देखा जाना चाहिए। इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।  स्वच्छ एवं संरक्षित जल स्रोत ही भावी पीढ़ियों की जल सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।

  इस अवसर पर जिला कलक्टर श्री लोकबंधु, नगर निगम आयुक्त श्री देशल दान, अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी एवं श्री गजेंद्र सिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।