.jpeg)
तीन मंजिला बनेगी गांधी भवन लाइब्रेरी, पीछे की ओर से निर्माण हटेंगे
शहर से मांस की अवैध दुकानें व ठेले हटाएगा नगर निगम
विधानसभा अध्यक्ष ने ली नगर निगम व अजमेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की बैठक
मानसून से पूर्व हो सभी नालों की सफाई
एडीए कराएगा एन्ट्री गेट का निर्माण व विभिन्न सड़कों का सौन्दर्यीकरण
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को विधानसभा उत्तर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ करते हुए कहा कि अजमेर को एक सुंदर, आधुनिक और विरासत संवर्धित स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस क्रम में उन्होंने नया बाजार क्षेत्र में चूड़ी बाजार रोड पर महिलाओं की सुविधा के लिए निर्मित पिंक टॉयलेट का लोकार्पण किया। इसका निर्माण 21 लाख रुपए की लागत से किया गया है।
इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि महिलाओं को खरीदारी के दौरान होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विज़न का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस कार्य का शिलान्यास करो, उसका लोकार्पण भी करो। उन्होंने बताया कि अजमेर में कैंसरगंज, पुरानी मंडी सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी पिंक टॉयलेट का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए अजमेर के प्रवेश द्वार पर एक भव्य एंट्रेंस प्लाजा बनाया जाएगा। इसमें महापुरुषों की गाथाएं और पर्यटक स्थलों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही एलिवेटेड रोड पर जयपुर और अन्य मेट्रो शहरों की तर्ज पर आधुनिक लाइटिंग की जाएगी और एलिवेटेड सड़क के नीचे टू व्हीलर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। इसके लिए आईटी पार्क विकसित किया जाएगा। इससे टेक्नोक्रेट्स को स्थानीय स्तर पर अवसर मिलेंगे। साथ ही अटल आवासीय योजना भी जल्द ही प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने कहा कि अजमेर स्मार्ट और हेरिटेज वैल्यू से समृद्ध शहर बनेगा।
श्री देवनानी ने कहा कि आगामी वर्षा में जल भराव की समस्या को ध्यान में रखते हुए आनासागर झील तीन फीट खाली की गई है। इससे मिट्टी गाद, कीचड़ सहित अन्य गंदगी जमा हो गई है। उन्होंने बताया कि आगामी शनिवार को श्रमदान कर झील की मिट्टी व कचरा हटाने का कार्य किया जाएगा। इसमें आमजन की भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि गांधी भवन का उन्नयन कर वहां बहुमंजिला लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। इसमें वरिष्ठ नागरिकों, स्कूली छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और प्रोफेशनल्स के लिए अलग व्यवस्था होगी।
श्री देवनानी ने कहा कि गुलामी के प्रतीकों को हटाकर ऎतिहासिक महापुरुषों के नाम पर स्थानों के नामकरण की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में क्रिश्चियनगंज का नाम कृष्ण नगर किया जाएगा और एलिवेटेड रोड पर रामसेतु नामक बोर्ड लगाए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान महापौर ब्रजलाता हाडा, उपमहापौर नीरज जैन, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, क्षेत्र के पार्षद अशोक मुद्गल, राजेंद्र गहलोत, के.के. त्रिपाठी, धर्मेंद्र परिहार, नीलम कुबेरा, विमला, संदीप गोयल, संजय गर्ग, पी.सी. वर्मा, रजनीकांत बिजावत, भगवान दस सोनी, नीरज गुप्ता, लोकेश कुबरा, जयप्रकाश सोनी, मोहन शर्मा, पार्षद राजू साहू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।