News Image

मैच फिक्सिंग" वाले बयान पर भाजपा का पलटवार: राहुल गांधी लोकतंत्र को कर रहे बदनाम - मालवीय

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के "मैच फिक्सिंग" वाले आरोप पर भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है। भाजपा का कहना है कि राहुल गांधी जनता का विश्वास खो चुके हैं, इसलिए वे अब लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला बोल रहे हैं और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

दरअसल, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हाल ही में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा था कि "महाराष्ट्र चुनाव मैच फिक्स था" और ऐसी ही साजिश बिहार में भी दोहराई जाएगी। इस बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

"जनता का समर्थन नहीं, इसलिए लोकतंत्र पर वार" – भाजपा

भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कांग्रेस को जनता का समर्थन नहीं मिलता, तब वह हार का ठीकरा लोकतंत्र और चुनावी संस्थाओं पर फोड़ने लगती है। पार्टी ने राहुल के बयानों को गैर-जिम्मेदाराना और लोकतंत्र को कमजोर करने वाला बताया।

"राहुल का उद्देश्य अराजकता फैलाना है" – अमित मालवीय

भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी को चुनाव प्रक्रिया की समझ है, लेकिन उनकी मंशा पारदर्शिता लाना नहीं, बल्कि अराजकता फैलाना है। वे जानबूझकर लोकतांत्रिक संस्थाओं को संदिग्ध दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।”

मालवीय ने आगे कहा, “जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, जैसे कर्नाटक या तेलंगाना में, तो यही व्यवस्था उन्हें उचित लगती है। लेकिन जब वे महाराष्ट्र या हरियाणा जैसे राज्यों में हारते हैं, तो साजिश के आरोप लगाने लगते हैं। ये दोहरा मापदंड है, जिसे देश की जनता समझ रही है।”