
पुष्पम प्रिया का तीखा हमला: नीतीश कुमार बीमार, बिहार में गुंडाराज - इस्तीफा दें या राष्ट्रपति शासन लगे"
बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। मुजफ्फरपुर में दुष्कर्म पीड़िता मासूम की मौत के बाद विपक्ष का गुस्सा फूट पड़ा है। द प्लूरल्स पार्टी की प्रमुख पुष्पम प्रिया चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला है।
पीड़ित परिवार से मिलने पहुंची पुष्पम प्रिया ने कहा कि बिहार में अब पूरी तरह से गुंडाराज कायम हो गया है। उन्होंने सीधे तौर पर नीतीश कुमार की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अब पूरी तरह बीमार हो चुके हैं, उन्हें नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों को इलाज तक नहीं मिल रहा। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और प्रशासन नदारद है। हर दिन हो रहे बलात्कार, हत्या और अन्य जघन्य अपराध यह साबित करते हैं कि राज्य में कोई शासन ही नहीं बचा।
पुष्पम प्रिया ने कहा, "यह सुशासन नहीं, अराजकता है। यह हालत देखकर लगता है कि बिहार में अब लोकतंत्र की जगह गुंडों की सरकार चल रही है। अगर सरकार के पास थोड़ी भी शर्म और इंसानियत है, तो उसे तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।"
उन्होंने राष्ट्रपति शासन की मांग करते हुए कहा कि अगर नीतीश कुमार खुद हटने को तैयार नहीं हैं, तो केंद्र को हस्तक्षेप करना चाहिए। साथ ही पीड़ित परिवार को कम से कम 25 लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने की मांग की।
पुष्पम प्रिया का यह बयान उस समय आया है जब राज्य की राजनीति में उबाल है और जनता के बीच नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अब वक्त आ गया है कि बिहार को एक नई सोच और नई व्यवस्था दी जाए, ताकि लोगों को न्याय और सुरक्षा मिल सके।