
बदला राजनीतिक समीकरण: चंद्रहार पाटिल शिंदे गुट में होंगे शामिल, शिरसाट बोले- "रोक सको तो रोक लो"
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। शिवसेना (यूबीटी) के नेता और सांगली से लोकसभा चुनाव लड़ चुके चंद्रहार पाटिल अब शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होने की तैयारी में हैं। यह दावा खुद राज्य सरकार में मंत्री और शिंदे गुट के नेता संजय शिरसाट ने किया है। उन्होंने कहा कि 9 जून को चंद्रहार पाटिल हमारी पार्टी में शामिल हो रहे हैं, और उद्धव ठाकरे कुछ कर भी नहीं पाएंगे।
शिरसाट ने चुनौती देते हुए कहा—"रोक सको तो रोक लो।" उन्होंने कहा कि सिर्फ पाटिल ही नहीं, बल्कि जून के अंत तक कई और नेता भी शिंदे गुट का दामन थामेंगे।
शिरसाट ने उद्धव ठाकरे पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी पार्टी में कोई रहना ही नहीं चाहता और अब उन्हें अपने संगठन पर ध्यान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं को लेकर भी बयान दिया कि नगर निगम चुनावों को लेकर पार्टी में जोश है, लेकिन एक कार्यशाला होनी चाहिए ताकि नेता समझ सकें कि क्या बोलना है और क्या नहीं।
बता दें कि सांगली लोकसभा सीट पर हुए मुकाबले में कांग्रेस के विशाल पाटिल ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतकर भाजपा सांसद संजय काका पाटिल को हराया था। जबकि शिवसेना (यूबीटी) के चंद्रहार पाटिल तीसरे स्थान पर रहे और उनकी जमानत भी जब्त हो गई थी।