
नड्डा का 31 मई को जयपुर दौरा: महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में शामिल होने के साथ संगठन पर भी गहराई से नजर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 31 मई को जयपुर दौरे पर आ रहे हैं। मुख्य रूप से वे महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में भाग लेंगे, लेकिन उनका यह दौरा संगठनात्मक लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, नड्डा इस दौरान प्रदेश भाजपा कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ अनौपचारिक, लेकिन महत्वपूर्ण बैठक भी कर सकते हैं।
इस संभावित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया समेत कई प्रमुख नेता शामिल हो सकते हैं। संगठन के भीतर चल रही गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के फीडबैक और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
नड्डा के दौरे को राजस्थान भाजपा के लिए रणनीतिक दिशा तय करने के नजरिए से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश कार्यकारिणी के गठन, संगठन के ढांचे में बदलाव और जिम्मेदारियों के पुनर्गठन पर भी प्रारंभिक चर्चा हो सकती है। साथ ही, आने वाले महीनों में चलने वाले संगठनात्मक अभियानों की योजना और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी मंथन होगा।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में इस संभावित बैठक को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। हालांकि, भाजपा की ओर से अब तक नड्डा के दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है।
नड्डा के इस दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के बहाने नड्डा का संगठन के समीकरणों को जांचना और आगामी राजनीतिक एजेंडे की रूपरेखा तय करना, भाजपा के भविष्य की रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।