
भारत का वैश्विक मिशन: कनिमोझी के नेतृत्व में रूस पहुँचा दल, आतंकवाद पर पाकिस्तान की असलियत उजागर"
भारत की ओर से एक मजबूत कूटनीतिक पहल के तहत डीएमके सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल रूस की राजधानी मॉस्को पहुँचा है। यह दौरा पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को वैश्विक मंचों पर बेनकाब करने के भारत के मिशन का हिस्सा है।
भारत का यह सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल कुल 33 देशों की राजधानियों का दौरा कर रहा है। इस पहल में 51 सांसदों के साथ-साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ राजनयिक और नौकरशाह भी शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य है दुनिया को आतंकवाद पर भारत के कड़े और स्पष्ट रुख से अवगत कराना।
मॉस्को पहुंचने पर राजदूत विनय कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को भारत-रूस द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा पर भारत के दृष्टिकोण से अवगत कराया। इस प्रतिनिधिमंडल में सांसद राजीव राय, कैप्टन (सेवानिवृत्त) ब्रिजेश चौटा, प्रेम चंद गुप्ता, अशोक मित्तल और मंजीव पुरी भी शामिल हैं।
इससे पहले, जेडी(यू) सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में एक अन्य प्रतिनिधिमंडल ने जापान का दौरा किया। वहां उन्होंने लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व न्याय मंत्री यासुहिरो हनाशी से मुलाकात की। चर्चा के दौरान आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में जापान का समर्थन सामने आया।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा सांसद बृजलाल ने कहा, "हम चार दशकों से आतंकवाद के खिलाफ लड़ रहे हैं। भारत अब चुप नहीं रहेगा। अगर हमला हुआ, तो जवाब में आतंकवाद के अड्डों को नेस्तनाबूद कर देंगे। यह नया भारत है, मोदी का भारत।"
भारत की यह कूटनीतिक मुहिम केवल संवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आतंकवाद के खिलाफ एक वैश्विक जनमत तैयार करने का प्रयास है। दुनिया अब भारत के रुख को समझ रही है और आतंकवाद के खिलाफ खड़ी हो रही है।