.jpeg)
संयुक्त सचिव श्री कुणाल सत्यार्थी ने किया निरीक्षण
अजमेर, 3 अप्रैल। भूमि संसाधन विभाग भारत सरकार के संयुक्त सचिव श्री कुणाल सत्यार्थी ने गुरूवार को विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर सर्वे रिसर्वे के संबंध में जानकारी ली। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने जिले में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
पुष्कर के उपखण्ड अधिकारी श्री गौरव मित्तल ने बताया कि भारत सरकार के भूमि संसाधन विभाग के संयुक्त सचिव श्री कुणाल सत्यार्थी गुरूवार को पुष्कर क्षेत्र के दौरे पर रहे। उन्होंने तहसील कार्यालय एवं उप पंजीयक कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों के पंजीयन की प्रक्रिया को सरलीकरण करने के लिए कहा। आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए। श्री सत्यार्थी ने उपखण्ड कार्यालय पुष्कर के वीसी कक्ष में सर्वे रिसर्वे कार्य की कार्य योजना की जानकारी ली। इस कार्य में प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई।
उन्होंने बताया कि संयुक्त सचिव द्वारा सर्वे रिसर्वे कार्य को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। भारत सरकार के नक्शा प्रोजेक्ट के संबंध में नगर पालिका के अधिकारियों के साथ कार्य योजना की समीक्षा बैठक ली गई। उनके द्वारा तहसील पुष्कर के ग्राम गुढ़ा में सर्वे रिसर्वे कार्य का भौतिक सत्यापन किया गया। ग्रामीणों के साथ सर्वे रिसर्वे कार्य के बारे में वार्तालाप किया गया। कृषि जोत विभाजन कराने के लिए प्रेरित किया गया। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु द्वारा इस दौरान सर्वे रिसर्वे की बारीकी से जानकारी दी गई।
संपूर्ण कार्यवाही के दौरान भू प्रबन्ध आयुक्त जयपुर, भू प्रबंध अधिकारी अजमेर, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वंदना खोरवाल, तहसीलदार राजस्व मंडल मय टीम, तहसीलदार पुष्कर, सर्वे कंपनी के प्रतिनिधि, राजस्व कार्मिक, नगरपालिका कार्मिक उपस्थित रहे।