Bulletin 26 November 2026 AJMER NEWS HINDI NEWS PRIME TIME BULLETIN
अजमेर जिला परिषद में उप जिला प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुनीता लाम्बा ने जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस की रजिया बानो को 9 मतों के अंतर से पराजित किया। मतदान प्रक्रिया दोपहर 3 बजे शुरू होकर 4 बजे तक चली, जिसके बाद हुई मतगणना में सुनीता लाम्बा को 21 और रजिया बानो को 12 वोट मिले। सुनीता लाम्बा पूर्व मंत्री सांवरलाल जाट की पुत्रवधू हैं तथा वर्तमान नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लाम्बा के भाई की पत्नी हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रजिया बानो के पति वाजिद खान चीता मसूदा से निर्दलीय विधायक का चुनाव लड़ चुके हैं।
अजमेर के रामबाग चौराहे पर कहासुनी के बाद मारपीट और चाकूबाजी का मामला सामने आया है। रामगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विक्रम पंजाबी और नवीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पर दिग्विजय के साथ मारपीट कर चाकू से हमला करने का आरोप है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
अजमेर के नगरा मुख्य बाजार में निर्धारित समय के बाद भी शराब बिक्री होने पर महिला कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। गुरुवार को अध्यक्ष लक्ष्मी बुंदेल के नेतृत्व में महिलाओं ने जिला कलेक्टर लोकबंधु को ज्ञापन सौंपकर रात 8 बजे बाद शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। महिलाओं का कहना है कि शराबियों की अभद्र टिप्पणियों से क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कार्रवाई नहीं होने पर मौके पर प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।
अजमेर जिला बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर चुनाव समिति की बैठक आयोजित हुई। चुनाव अधिकारी एडवोकेट राजीव भारद्वाज बगरू ने बताया कि वन बार-वन वोट के तहत सभी मतदाताओं को अपना शपथ पत्र 8 दिसंबर 2026 से पहले नए भवन स्थित बार कार्यालय में जमा कराना होगा। बैठक में मुख्य चुनाव अधिकारी उरप्रीत सिंह सहित चुनाव समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
अजमेर में समाजसेवी सेठ भागचंद सोनी की स्मृति में निर्मित प्रतिमा का अनावरण समारोह गुरुवार को सोनी की नसिया में आयोजित किया गया। अखिल भारतवर्षीय दिगम्बर जैन समाज की ओर से आयोजित समारोह में सांसद भागीरथ चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सेठ भागचंद सोनी ने अपना जीवन जनकल्याण और जैन समाज के नेतृत्व एवं उत्थान के लिए समर्पित किया था।