Bulletin 24 November 2026 AJMER NEWS HINDI NEWS PRIME TIME BULLETIN


पुष्कर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महास्नान के साथ पांच दिवसीय पंचतीर्थ स्नान का समापन हुआ। इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं ने पुष्कर सरोवर में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया। वहीं जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

 

अजमेर के रामनगर में मित्तल अस्पताल के सामने करोड़ों रुपये की लागत से विकसित चौपाटी बदहाली का शिकार हो रही है। घास सूखने और पेड़-पौधों के मुरझाने पर कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने एडीए अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने चौपाटी के रखरखाव में लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय कर तत्काल सुधार की मांग की।


अजमेर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान से करीब सात लाख रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

अजमेर के गंज गुरुद्वारा में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंगलवार को गुरुद्वारे से निकली शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई रेलवे अधिकारी क्लब पहुंची, जहां धर्मसभा में कीर्तन और अरदास हुई। इसके बाद गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें सिख समाज सहित अन्य समाजों के लोगों ने भाग लिया।

 

पुष्कर मेले के समापन समारोह में पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सहित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान पशु प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक नृत्य, भजन और खेलकूद सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता मौजूद रहे।