Bulletin 22 November 2026 AJMER NEWS HINDI NEWS PRIME TIME BULLETIN

अजमेर के अलवर गेट चौराहे से लोको कारखाने जाने वाले रास्ते पर पिछले एक महीने से पानी की पाइपलाइन में लीकेज होने से रोजाना लाखों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। साफ पेयजल सड़क किनारे बने गड्ढे में भरने के बाद गंदे नाले में बह रहा है, जबकि शहर के कई इलाकों में लोग पानी की किल्लत से परेशान हैं। जलदाय विभाग की लापरवाही पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन से लीकेज दुरुस्त कराने की मांग की है।

 


अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले के मेला मैदान में देसी और विदेशी महिलाओं के बीच मटका रेस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसके साथ ही म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। दोनों प्रतियोगिताओं में महिलाओं का उत्साह देखने लायक रहा और दर्शकों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।

 

अजमेर बस स्टैंड पर गुजरात में शादी समारोह में जा रही 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला को शातिर चोरों ने निशाना बना लिया। रोडवेज बस में चढ़ते समय बदमाश बैग काटकर करीब 150 ग्राम सोने के आभूषण, मोबाइल और पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

 

अजमेर जिला बार एसोसिएशन के आगामी चुनाव को लेकर चुनाव अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में चुनाव कार्यक्रम को लेकर चर्चा के बाद चुनाव अधिकारी एडवोकेट राजीव भारद्वाज बगरू ने कार्यक्रम की घोषणा की जानकारी दी। बैठक में मुख्य चुनाव अधिकारी एडवोकेट उरप्रीत सिंह सहित रूपेन्द्र कुमार परिहार, संदीप यादव और संजीव टंडन मौजूद रहे।


अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले की सांस्कृतिक संध्या में पद्मश्री गुलाबो सपेरा ने अपनी बेटियों, पौत्रियों और भतीजियों के साथ सपेरा, घूमर, बंजारा और कालबेलिया नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं राजस्थानी और सूफी गायक अनवर खान ने केसरिया बालम सहित लोकगीतों और भजनों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।