Bulletin 19 November 2026 AJMER NEWS HINDI NEWS PRIME TIME BULLETIN

पुष्कर कार्तिक मेले की पहली संध्या पर सरोवर के प्रमुख घाटों पर भव्य महाआरती और दीपदान के आयोजन हुए। चीर घाट, ब्रह्म घाट, गणगौर घाट, बद्री घाट और जयपुर घाट पर दुग्धाभिषेक के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आरती की गई। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर सरोवर की पूजा-अर्चना की और आरती के बाद प्रसादी वितरित की गई।

 

भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा, मणिपुंज सेवा संस्थान और वार्ड नंबर एक के पार्षद विनोद डीडवानिया के संयुक्त तत्वावधान में 22 नवंबर को विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित होगा। शिविर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं की जानकारी देने के लिए बी.के. कॉल नगर स्थित मणिपुंज सेवा संस्थान में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

 

पुष्कर मेले में पारंपरिक संस्कृति और राजस्थानी आन-बान-शान की झलक देखने को मिली। मेले में आयोजित साफा प्रतियोगिता में 20 विदेशी प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि मूंछ प्रतियोगिता में कुल 39 प्रतिभागियों ने अपनी मूंछों का प्रदर्शन कर आकर्षण का केंद्र बने।


अजमेर के सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के भाव में लगातार गिरावट और उतार-चढ़ाव से व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। दीपावली के बाद शादी-ब्याह का सीजन शुरू होने के बावजूद बाजार में अपेक्षित रौनक नजर नहीं आ रही है। व्यापारियों को अब सोने-चांदी के भाव में स्थिरता आने का इंतजार है।

 

पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत पर शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मी बुन्देल ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने इसे प्रदेश की ग्रामीण जनता के विश्वास की जीत बताते हुए आज सुबह 11 बजे पटाखे जलाकर और मिठाई बांटकर जश्न मनाने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर चुनाव में धनबल और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया।


अजमेर के स्टेशन रोड स्थित मोनिया इस्लामिया स्कूल के पास सड़क के बीच बना बड़ा गड्ढा वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि कई बार पार्षद और नगर निगम को शिकायत देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द गड्ढे की मरम्मत करवाने की मांग की है।