Bulletin 16 November 2026 AJMER NEWS HINDI NEWS PRIME TIME BULLETIN

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने सरपंच चुनाव में वोट चोरी और पुलिसकर्मियों पर कथित रूप से धनराशि लेकर विशेष प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रभावित करने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने वायरल फोटो और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही भाजपा के अमित भंसाली को पार्टी से निलंबित करने की मांग उठाते हुए भाजपा शासन में चुनावी अनियमितताओं के मामले सामने आने की बात कही।

 

 

 


अजमेर के सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर 74 वर्षीय बुजुर्ग से 19 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सावित्री चौराहा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम पर दो युवकों ने मदद का झांसा देकर बुजुर्ग का कार्ड बदल लिया। खाते से 9 हजार और 10 हजार रुपये निकलने पर ठगी का पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

 

अजमेर के अजय नगर रोड स्थित गुर्जर बस्ती में सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। क्षेत्रवासियों ने सड़क की मरम्मत करवाकर राहत देने की मांग की है।

 

अजमेर में दयानंद कॉलेज के सामने बन रहे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य लंबे समय से बंद पड़ा है, जिससे आमजन में नाराजगी बढ़ रही है। राहगीरों के अनुसार निर्माण कार्य अधूरा होने और दोनों तरफ की सड़कें संकरी होने से रोजाना आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग की है।

 

अजमेर के फव्वारा सर्किल चौराहे पर रामसेतु ब्रिज के पास खुला नाला हादसों को न्योता दे रहा है। व्यस्त सड़क पर नाला खुला होने के बावजूद मौके पर केवल एक बैरिकेड लगाया गया है, जो सुरक्षा के लिहाज से पर्याप्त नहीं है। खासकर रात के समय कम रोशनी में वाहन चालकों के लिए यह खतरा बन सकता है। स्थानीय लोगों ने नाले को ढकवाने, उचित बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।