Bulletin 13 November 2026 AJMER NEWS HINDI NEWS PRIME TIME BULLETIN
अजमेर के किशनगढ़ में सोने की ज्वेलरी खरीदने के बहाने करीब 1510 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हुए तीन शातिर ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने व्यापारी के कर्मचारियों को झांसा देकर करीब पौने दो करोड़ रुपये के सोने के आभूषणों की ठगी की थी। पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों को दबोचा और उनके कब्जे से सोने के आभूषण व नकदी बरामद की है।
अजमेर की आनासागर पुरानी चौपाटी पर लाखों रुपये की लागत से लगाए गए फाउंटेन रखरखाव के अभाव में बंद पड़े हैं। फाउंटेन में गंदगी और कचरा जमा होने से स्मार्ट सिटी की सुंदरता पर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने महापौर और प्रशासन से जल्द जीर्णोद्धार कर फाउंटेन शुरू करवाने की मांग की है।
अजमेर में चोर लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। आगरा गेट के पास श्री मिष्ठान भंडार के ताले तोड़कर चोर करीब 15 हजार रुपये की नकदी ले उड़े, वहीं बालाजी डिस्पोजल को भी निशाना बनाकर हजारों की नकदी चोरी कर ली। दोनों वारदातों को लेकर पुलिस से कार्रवाई की मांग उठ रही है।
अजमेर के रामगंज थाने के सामने स्थित अंबेडकर सामुदायिक भवन में चोरों ने फोटोग्राफर को निशाना बना लिया। समारोह में फोटोग्राफी करने आए फोटोग्राफर का करीब 3 लाख 50 हजार रुपये कीमत का कैमरा चोरी हो गया। थाने के सामने हुई वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अजमेर में छठी मैया पूजन सेवा समिति की ओर से लोहागल तालाब पर छठ महापर्व की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। 15 नवंबर की शाम अस्ताचलगामी सूर्य और 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। समिति पिछले 14 वर्षों से इस आयोजन के माध्यम से पूर्वांचल की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ा रही है।
अजमेर रेलवे स्टेशन पर पुष्कर मेले और आगामी त्यौहार को देखते हुए यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रीभार 54 हजार से बढ़कर 91 हजार तक पहुंचने पर रेलवे प्रशासन ने होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त टिकट काउंटर, सुरक्षा बल और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की है। 5 दिसंबर से शुरू होने वाले उर्स में भी करीब एक लाख यात्रियों की संभावना को देखते हुए ये व्यवस्थाएं जारी रहेंगी।