Bulletin 12 November 2026 AJMER NEWS HINDI NEWS PRIME TIME BULLETIN

 

अजमेर के विराटनगर क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन का तार गिरने से घरों में करंट दौड़ गया। शॉर्ट सर्किट के चलते कई मकानों के बिजली उपकरण जल गए। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं और प्रशासन को कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

 

अजमेर में दीपावली के बाद भी सर्दी ने दस्तक नहीं दी है। सुबह और शाम हल्की ठंड के बीच दिन में तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। शहरवासियों का कहना है कि नवंबर में आमतौर पर सर्दी शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है।

 

अजमेर के ऋषि उद्यान में 13 से 15 नवंबर तक स्वामी श्रद्धानंद का बलिदान शताब्दी समारोह आयोजित होगा। देशभर से आर्य समाज के संत, विद्वान और श्रद्धालु शामिल होंगे। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत समारोह के पहले दिन मुख्य अतिथि होंगे, जबकि राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी अंतिम दिन संबोधित करेंगे।

 

श्री अमरापुर सेवा घर वृद्धाश्रम की ओर से बुजुर्गों और स्टाफ के लिए पुष्कर की धार्मिक एवं आनंदमयी यात्रा आयोजित की गई। यात्रा के दौरान ब्रह्मा मंदिर, रंगजी मंदिर और पुष्कर सरोवर में दर्शन-पूजन किया गया। दुबई निवासी दिलीप गोपलानी ने यात्रा का पूरा खर्च वहन किया। आश्रम परिवार ने उनका आभार जताया।


पुष्कर के पारीक आश्रम में एसडीएम गुरुप्रसाद तंवर की अध्यक्षता में आध्यात्मिक यात्रा को लेकर बैठक आयोजित हुई। सर्वसम्मति से गायत्री मंदिर से मुख्य बाजार होते हुए मेला मैदान तक यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में साधु-संत शामिल होकर सनातन धर्म का संदेश देंगे। बैठक में झांकियों, व्यवस्थाओं और स्काउट गाइड की भागीदारी को लेकर भी सुझाव दिए गए।


अजमेर में दीपावली पर आयोजित मार्केट सजाओ प्रतियोगिता 2026 का पुरस्कार वितरण समारोह हुआ। नया बाजार व्यापारिक एसोसिएशन ने प्रथम, दरगाह बाजार ने द्वितीय और अजयनगर व्यापारिक एसोसिएशन ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं दैनिक नवज्योति के प्रधान संपादक दीनबंधु चौधरी को व्यापारियों की ओर से 'अजमेर रत्न' सम्मान से नवाजा गया।