Bulletin 11 November 2026 AJMER NEWS HINDI NEWS PRIME TIME BULLETIN
अजमेर के पैराडाइज, जयपुर रोड के सामने सड़क हादसे के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। कार में परिवार के साथ आ रहे युवक की गाड़ी को मोटरसाइकिल सवार चार युवकों ने टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरोपियों ने पूरे परिवार के साथ मारपीट की, जिसमें घायल युवक को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अजमेर में भाई दूज का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अजमेर सेंट्रल जेल में बंद भाइयों के तिलक करने पहुंचीं बहनें भावुक हो गईं। बहनों ने भाइयों के तिलक लगाकर उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
अजमेर में चोरों ने भगवान के घर को भी नहीं बख्शा और सार्वजनिक गणेश मंदिर को निशाना बनाया। मंदिर की खिड़की की टाइल्स तोड़कर अंदर घुसे चोर करीब 20 से 30 हजार रुपये की नकदी और अन्य सामान चुरा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
अजमेर में घर के बाहर खड़ी हाइड्रो क्रेन से बैटरी चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित बन्ना सिंह रावत ने अपने स्तर पर जांच कर बैटरी चोरी का खुलासा करते हुए कबाड़ी के यहां से बैटरी बरामद करवाई। मामले में सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के साथ सिविल लाइंस थाना पुलिस को शिकायत दी गई है।
अजमेर के नला बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को लेकर ई-रिक्शा चालकों और दुकानदारों के बीच विवाद हो गया। यातायात पुलिसकर्मियों के रोकने पर शुरू हुई कहासुनी पर ई-रिक्शा चालक ने पुलिसकर्मी और दुकानदारों के साथ धक्का मुक्की की दुकानदारों ने पुलिस को आरोपियों को सौंपते हुए क्षेत्र में ई-रिक्शा प्रतिबंधित करने की मांग की है।
पंचायती राज चुनाव 2026 के तीसरे चरण के बाद भाजपा ने अपने जिला परिषद और पंचायत समिति प्रत्याशियों को संगठनात्मक प्रशिक्षण देने की पहल की है। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और भाजपा देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापति के नेतृत्व में प्रत्याशी प्रशिक्षण केंद्र के लिए रवाना हुए। प्रशिक्षण में पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा और संगठन की कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी।