Bulletin 04 November 2026 AJMER NEWS HINDI NEWS PRIME TIME BULLETIN

अजमेर नगर निगम में साधारण सभा नहीं बुलाए जाने पर कांग्रेस पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में सभी कांग्रेस पार्षदों ने आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर आगामी 10 दिनों में साधारण सभा बुलाने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर कांग्रेस ने लीगल नोटिस देने की चेतावनी दी है।

 

अजमेर के नया बाजार और चूड़ी बाजार में दीपावली को लेकर सजावटी सामान की दुकानें सजने लगी हैं। बाजारों में तोरण, बांधनवार, झूमर और शुभ-लाभ के स्टीकर ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि अगले 5 से 7 दिनों में खरीदारी में तेजी आएगी, फिलहाल सजावटी सामान 50 से 2000 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध है।

 

दीपावली के महापर्व को देखते हुए अजमेर नगर निगम के वार्ड संख्या 18 में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। पार्षद, समाजसेवियों और सफाई कर्मचारियों ने लौटन शाह की मजार से ट्राम्बे चौराहे तक सफाई के साथ आमजन को जागरूक किया। लोगों से कचरा सड़कों और नालियों में नहीं डालने तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों में ही कचरा डालने की अपील की गई।

 

पुष्कर मेले और दीपावली की तैयारियों को लेकर नगर परिषद प्रशासन ने मुख्य बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। आयुक्त रेखा जेसवानी के निर्देश पर पीएस गुर्जर के नेतृत्व में टीम ने ब्रह्मा मंदिर बाजार सहित विभिन्न बाजारों से अस्थाई अतिक्रमण हटाकर सामान जब्त किया। प्रशासन ने दुकानदारों से सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील करते हुए अभियान जारी रखने की बात कही।

 

पुष्कर के चावंडिया मार्ग स्थित अतिथि रिसॉर्ट में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का भव्य समापन हुआ। कथा प्रवक्ता भंवर सिंह राजावत के सानिध्य में पूर्णाहुति हवन यज्ञ और श्रीमद्भागवत पुराण की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।