Bulletin 01 November 2026 AJMER NEWS HINDI NEWS PRIME TIME BULLETIN
फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनाकर महिला का प्लॉट बेचने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दिलखुश को गिरफ्तार किया है। लोहागल निवासी माया रावत ने वर्ष 2022 में शिकायत दर्ज करवाई थी। मामले में पुलिस पहले ही पीड़िता के बेटे दर्शन रावत को गिरफ्तार कर चुकी है। अब पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने के लिए अजमेर कांग्रेस का काफिला रवाना हुआ। डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में 7 बसों और करीब 20 छोटे वाहनों से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे। रवाना होने से पहले कांग्रेस कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
अजमेर के डिग्गी तालाब में नवरात्रि के बाद गंदगी जमा होने से क्षेत्रवासी परेशान हैं। मूर्ति विसर्जन और पूजा सामग्री के कारण तालाब में कचरा फैल गया है। क्षेत्रीय पार्षद ने विधायक वासुदेव देवनानी से तालाब की सफाई करवाने और पानी को फिल्टर कर दोबारा उपयोगी बनाने की मांग की है।
अजमेर के आशागंज स्थित संत कंवर राम धर्मशाला में संत कंवर राम साहब का तीन दिवसीय वारसी उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। दूसरे दिन महाआरती के बाद विभिन्न भजन एवं कव्वाली पार्टियों ने प्रस्तुतियां दीं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर आमजन के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया।
अजमेर के केसरगंज चटाई मोहल्ले में नाली की गंदगी और बदबू से क्षेत्रवासी एवं दुकानदार परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई कर्मचारियों द्वारा कई-कई दिनों तक कचरा नहीं उठाया जाता, जिससे नालियों के आसपास गंदगी का ढेर लगा रहता है। इसके चलते राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।