Bulletin 25 October 2026 AJMER NEWS HINDI NEWS PRIME TIME BULLETIN
आगामी करवा चौथ को लेकर सुहागन महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है और महिलाएं करवा चौथ की तैयारियों में जुट गई हैं। महिलाएं अपने सुहाग से जुड़ी सामग्री के साथ-साथ सोलह श्रृंगार और सौंदर्य प्रसाधनों की खरीदारी कर रही हैं।
अजमेर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और चोरी की वारदातों पर लगाम लगती नजर नहीं आ रही। हरीभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र के सिने वर्ल्ड चौराहे पर चोरों ने पांच दुकानों के ताले तोड़ दिए। चोर दुकानों के गल्लों से नकदी लेकर फरार हो गए, जिससे व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
अजमेर में आचार्य विद्यासागर महाराज एवं आचार्य समयसागर महाराज के अवतरण दिवस पर भव्य वाहन रैली निकाली गई। छतरी योजना स्थित जैन मंदिर से रवाना हुई रैली में सकल दिगंबर जैन समाज के श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्री जिनशासन तीर्थ क्षेत्र पहुंचने पर मुनि श्री निष्पक्ष सागर जी महाराज एवं मुनि श्री निस्पृह सागर जी महाराज के प्रवचनों से श्रद्धालु लाभान्वित हुए।
अजमेर में सोने-चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव के बीच हालिया गिरावट से सर्राफा बाजार में ग्राहकों की रुचि बढ़ने लगी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भाव में बदलाव के चलते चांदी में मंदी देखने को मिल रही है, जिससे दुकानदारों को खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। व्यापारियों का मानना है कि यदि दिवाली तक यही रुझान बना रहा, तो सोने-चांदी की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ सकती है।
अजमेर में माय वर्ल्ड प्ले स्कूल का वार्षिक खेलकूद दिवस 2026-27 आदर्श विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिविल जज एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती पूर्णिमा शर्मा रहीं, जबकि नन्हे बच्चों ने योगासन, देशभक्ति रैली और खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाई।
तीर्थराज पुष्कर के जोधपुर घाट पर रविवार को स्वच्छता अभियान चलाकर कचरे, प्लास्टिक और गंदगी को हटाया गया। अभियान में नगर परिषद सभापति राजेंद्र बाकोलिया, प्रेस क्लब पुष्कर के अध्यक्ष अनिल शर्मा सहित स्थानीय लोगों, तीर्थ पुरोहितों और सामाजिक संगठनों ने भागीदारी निभाई। इस दौरान पुष्कर सरोवर की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखने का संदेश देते हुए सभी ने स्वच्छ एवं सुंदर पुष्कर बनाने का संकल्प लिया।