News Image

Bulletin 23 October 2026 AJMER NEWS HINDI NEWS PRIME TIME BULLETIN

अजमेर में पानी की समस्या को लेकर वार्ड संख्या 60 से 66 तक के जागरूक नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने जल अधिकार यात्रा निकाली। यात्रा अटल उद्यान, पुलिस लाइन से रवाना होकर लोहाखान टेंपो स्टैंड स्थित जलदाय विभाग कार्यालय पहुंची। यहां अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में पेयजल संकट का समाधान करने और आमजन को राहत देने की मांग की गई।

 

 


अजमेर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय के सीटीवीएस सर्जरी विभाग में गंभीर रूप से घायल मरीजों की जटिल सर्जरी को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान चिकित्सकों ने गंभीर मरीजों के उपचार और जटिल शल्य चिकित्सा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। प्रेस वार्ता का उद्देश्य चिकित्सा सेवाओं और गंभीर मरीजों के उपचार में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी देना रहा।

 


अजमेर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के प्रथम चरण का मतदान छह पंचायत समितियों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अजमेर ग्रामीण, केकड़ी, पीसांगन, सरवाड़, सावर और श्रीनगर में कुल 4,05,041 मतदाताओं में से 2,53,129 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार जिले में कुल 62.49 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया और सभी मतदान केंद्रों पर प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही।

 

 

अजमेर के मदर नेहरू नगर में शारदा धर्म कांटे के पीछे स्थित स्क्रैप गोदाम में रखे टायरों में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिसके बाद मौके पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जाना बाकी है।

 

 

स्वामी न्यूज़ के कार्यक्रम समस्या आपकी, मंच हमारा के माध्यम से अजमेर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क के गड्ढों, नालों और नालियों में जमा कचरे जैसी समस्याओं को सामने लाया जा रहा है। इन समस्याओं से आमजन को आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटनाओं और मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि समय रहते समस्याओं का समाधान कराकर आमजन को राहत दी जाए और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।