Bulletin 21 October 2026 AJMER NEWS HINDI NEWS PRIME TIME BULLETIN

अजमेर में स्वामी ग्रुप और रसोई रेस्टोरेंट के 25 वर्षों के सफर को यादगार बनाने के लिए पुराने साथियों का परिवार सहित मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व कर्मचारियों का सम्मान कर उनके योगदान को याद किया गया। पुरानी यादों, आत्मीयता और पारिवारिक रिश्तों से सजे इस आयोजन में खुशियों के साथ कई पल भावुक कर देने वाले भी रहे।

 


पुष्कर के राजकीय उप जिला चिकित्सालय में सड़क हादसे में घायल युवकों के उपचार को लेकर मंगलवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों और साथियों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की तथा चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ से मारपीट व धमकी देने के आरोप लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया, वहीं चिकित्सा स्टाफ ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की।

 

अजमेर के कचहरी रोड स्थित बंगाली हिंदू धर्मशाला में बुधवार को बंगाली समाज की ओर से मां दुर्गा को सिंदूरदान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। शाम को बंगाली धर्मशाला से मां दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।

 

अजमेर में विजयदशमी के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद महानगर एवं प्रखंड-2 की ओर से पुष्कर रोड स्थित सोमनाथ धाम में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। महंत श्री गोवर्धन नाथ जी महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में संत-महात्माओं और पदाधिकारियों ने धर्म, समाज और राष्ट्र की रक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान किशन गुर्जर और लेखराज सिंह राठौड़ सहित वक्ताओं ने शस्त्रों के साथ धैर्य, संयम, आत्मनियंत्रण और जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।

 

पुष्कर में तीर्थ पुरोहित संघ ने उपखंड अधिकारी गुरु प्रसाद तंवर को ज्ञापन सौंपकर सरोवर के घाटों और कुंडों पर व्यावसायिक आयोजनों पर रोक लगाने की मांग की। संघ ने जयपुर घाट के क्षतिग्रस्त कुंड को हटाकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीढ़ियां बनाने तथा ब्रह्मा मंदिर और सरोवर प्रबंधन कमेटी में पुरोहित संघ को प्रतिनिधित्व देने की मांग भी उठाई। पुरोहितों ने कहा कि पुष्कर की धार्मिक मर्यादा और परंपराओं की रक्षा के लिए इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाए।