जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित, राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश
अजमेर, 29 मई। जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीणा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों की सड़क सीमा में किए गए अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि राजस्थान उच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति द्वारा जिले के विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर स्थित अवैध अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार तंवर ने अब तक की प्रगति से अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि एनएचएआई जयपुर द्वारा 12 अतिक्रमण चिह्नित किए गए थे, जिनमें से 10 वाणिज्यिक संरचनाएं हटाई जा चुकी हैं। वहीं एनएचएआई अजमेर द्वारा चिह्नित 13 अतिक्रमणों में से 10 हटाए जा चुके हैं। इसके अलावा विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के राइट ऑफ वे क्षेत्र में भी अतिक्रमण चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में जानकारी दी गई कि सार्वजनिक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग खंड क्षेत्र में 73 में से 14, एनएच-48 पर 49 में से 4, एनएच-448 एवं एनएच-48 पर 78 में से 23 तथा किशनगढ़-अरांई-मालपुरा स्टेट हाईवे-7 पर सभी 58 अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं। वहीं किशनगढ़-रतनगढ़ मेगा हाईवे पर भी 40 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी चिह्नित अतिक्रमणों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए। आवश्यकतानुसार पुलिस जाब्ता उपलब्ध कराया जाए तथा संबंधित हितधारकों से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अतिक्रमणकर्ताओं को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, नगर निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, अजमेर विकास प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए दिए गए निर्देश
अजमेर, 29 मई। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, मृत्यु दर घटाने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीणा ने की।
बैठक में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए गड्ढों की मरम्मत, खुले जल निकासों की बैरिकेडिंग तथा सड़क किनारे असुरक्षित स्थानों पर संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं।
उन्होंने कहा कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सड़क परिसंपत्तियों का रखरखाव भारतीय रोड कांग्रेस के मानकों के अनुरूप किया जाए। साथ ही प्राइवेट बस स्टैंड के लिए भूमि चिन्हित करने और वाहन चालकों की नेत्र जांच कर चश्मा वितरण का कार्य ट्रक एवं बस ऑपरेटर यूनियनों के सहयोग से करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जयपुर रोड पर अवैध कट हटाने, सड़क सुरक्षा कार्ययोजना को इलेक्ट्रॉनिक दुर्घटना डाटाबेस के आधार पर तैयार करने तथा ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष सुधार कार्य करने पर जोर दिया गया। हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने और गलत दिशा में वाहन संचालन जैसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा पाटन गांव क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण की आवश्यकता, तिलोरा-कड़ैल चौराहे को एक्सीडेंट जोन घोषित करने तथा नौसर घाटी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण एवं सुरक्षा दीवार मजबूत करने पर भी चर्चा की गई।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने स्कूलों एवं कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, रोड सेफ्टी क्लब बनाने तथा हेलमेट अनिवार्यता लागू करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
मोहर्रम 2026 की व्यवस्थाओं को लेकर बैठक 2 जून को
मोहर्रम 2026 के दौरान की जाने वाली प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संबंध में विचार-विमर्श एवं आवश्यक निर्णय लेने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार 2 जून को दोपहर 1 बजे बैठक आयोजित की जाएगी।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट नरेन्द्र कुमार मीणा ने बताया कि पूर्व निर्धारित समय में संशोधन करते हुए अब यह बैठक दोपहर 1 बजे आयोजित होगी। इसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं संबंधित पक्षों की उपस्थिति रहेगी।