News Image

चलती कार बनी आग का गोला: अजमेर में पूर्व सरपंच दंपती समेत चार लोगों की जिंदा जलकर मौत

 

 

अजमेर, 28 मई। राजस्थान के अजमेर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। बोराड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव के पास चलती कार में अचानक भीषण आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीरामपुरा गांव निवासी पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी अपनी मां एवं जिला परिषद सदस्य पूसी देवी को सीने में दर्द की शिकायत होने पर अस्पताल लेकर जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी एवं पूर्व सरपंच सुरज्ञान देवी तथा भांजी महिमा भी सवार थीं। रास्ते में अचानक कार में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग का गोला बन गया।

हादसे में रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसी जिला परिषद सदस्य पूसी देवी ने बाद में दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।