अमेरिका-ईरान तनाव का असर: सोना दो महीने के निचले स्तर पर, चांदी में भी बड़ी गिरावट
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब वैश्विक बाजारों पर साफ दिखाई देने लगा है। गुरुवार को सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई और गोल्ड करीब दो महीने के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद डॉलर मजबूत हुआ और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई। इससे महंगाई बढ़ने की आशंका तेज हो गई है। वहीं ब्याज दरों को लेकर निवेशकों के बीच असमंजस बढ़ने से कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला।
स्पॉट गोल्ड करीब 1.7 प्रतिशत टूटकर 4,380 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जो 26 मार्च के बाद का सबसे निचला स्तर माना जा रहा है। वहीं अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में भी करीब 1.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
सिर्फ सोना ही नहीं, बल्कि चांदी और दूसरी महंगी धातुओं में भी भारी कमजोरी देखने को मिली। स्पॉट सिल्वर करीब 3 प्रतिशत गिरकर 72 डॉलर प्रति औंस के आसपास आ गया। वहीं पैलेडियम की कीमतों में भी करीब 2 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ता है, तो आने वाले दिनों में वैश्विक बाजारों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।