अजमेर में कांग्रेस नेता समेत चार लोगों की मौत का मामला, हादसा या साजिश? जांच में जुटी पुलिस
अजमेर जिले के बोराड़ा क्षेत्र में कार में जिंदा जलने से कांग्रेस नेता और पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी समेत चार लोगों की मौत के मामले में जांच लगातार गहराती जा रही है। घटना से करीब 10 घंटे पहले रामसिंह चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पुलिस सुरक्षा की मांग की थी, जिसके बाद अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मौत से पहले सोशल मीडिया पर मांगी थी सुरक्षा
रामसिंह चौधरी ने फेसबुक पोस्ट में लिखा था कि क्या उन्हें दोबारा पुलिस सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने लोगों से समर्थन और जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछने की अपील भी की थी। इस पोस्ट के सामने आने के बाद पुलिस अब सोशल मीडिया गतिविधियों और कॉल डिटेल की भी जांच कर रही है।
घर से मिले खून के निशान और अहम सबूत
पुलिस जांच के दौरान रामसिंह चौधरी के घर से कई संदिग्ध सबूत मिले हैं। घर में खून के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने वहां से दो खून से सनी ईंटें और एक माचिस बरामद की है, जिस पर भी खून के धब्बे बताए जा रहे हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि घर को पूरी तरह धोया गया था। ऐसे में पुलिस को शक है कि सबूत मिटाने की कोशिश की गई हो सकती है।
ट्रैक्टर से डीजल निकालकर लगाई गई आग?
पुलिस को आशंका है कि पास में खड़े ट्रैक्टर से डीजल निकाला गया हो सकता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि कार में लगी आग कोई सामान्य हादसा थी या फिर सुनियोजित साजिश।
मामले में रास्ते को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिवार की ओर से मां को अस्पताल ले जाने की बात कही जा रही है, लेकिन जिस दिशा में कार मिली, वह अस्पताल जाने वाले रास्ते से अलग बताई जा रही है।
कार की सीटें फोल्ड मिलने से बढ़ा शक
पुलिस को कार की सीटें फोल्ड स्थिति में मिली हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि अगर सभी लोग सामान्य रूप से बैठे होते तो सीटें खुली रहतीं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि घटना के बाद शवों को कार में रखा गया हो सकता है।
पहली पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य हिरासत में
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पूछताछ के लिए रामसिंह चौधरी की पहली पत्नी सुनीता, बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को हिरासत में लिया है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट, कॉल रिकॉर्ड, घटनास्थल और घर से मिले सबूतों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि फिलहाल घटना के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और मामले को हत्या मानकर भी पड़ताल जारी है।