पूजन के साथ पांचवें सिन्धी बाल संस्कार शिविर का शुभारंभ, बच्चों को दिए जाएंगे भाषा और संस्कारों के पाठ
भारतीय सिन्धू सभा वैशाली नगर इकाई की ओर से प्रेम प्रकाश आश्रम में आयोजित पांचवें सिन्धी बाल संस्कार शिविर का बुधवार को विधिवत पूजन और प्रार्थना के साथ शुभारंभ हुआ। शिविर में बच्चों को मातृभाषा, संस्कार, स्वास्थ्य, योग और संगीत का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम में भारतीय सिन्धू सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेन्द्र कुमार तीर्थाणी ने कहा कि बच्चों को मातृभाषा के साथ स्वास्थ्य और संस्कारों का ज्ञान ऐसे शिविरों के माध्यम से मिलता है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की नई शिक्षा नीति के तहत प्राथमिक शिक्षा मातृभाषा में दिए जाने पर जोर दिया गया है और ऐसे शिविर उसी दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हैं।
इकाई संयोजक पुरुषोतम जगवाणी ने बताया कि शिविर का आयोजन स्वामी ब्रह्मानंद शास्त्री और स्वामी रामप्रकाश के आशीर्वाद से किया जा रहा है। शिविर में सांई नारायण ने आशीर्वचन दिए। शुभारंभ संत मंडली और शिक्षिकाओं द्वारा स्वामी टेऊराम की आरती, प्रार्थना और भगवान झूलेलाल के भजनों के साथ किया गया।
योग, संगीत और संस्कारों की दी जा रही शिक्षा
शिविर में योग और प्रार्थना का प्रशिक्षण दादा दौलतराम थदाणी, चंचल लालवाणी और भारती मोटवाणी द्वारा दिया जा रहा है। वहीं संगीत शिक्षा मशहूर कलाकार होतचन्द मोरयाणी द्वारा करवाई जा रही है।
शिक्षण कार्य में द्रोपदी खटवाणी, निधि पमनाणी, लक्षिका ताराणी, हेमा केवलरामाणी और भावना सबनाणी सहयोग कर रही हैं। संगठन मंत्री मोहन कोटवाणी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए संगठन द्वारा संचालित शिविरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में झूलेलाल मंदिर के अध्यक्ष प्रकाश जेठरा, सिन्धी बोली विकास समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश मंघाणी, शंकर टिलवाणी, मोटूमल, लक्ष्मण, नरेन्द्र देवनाणी सहित कई सेवाधारी उपस्थित रहे।
अजयनगर में चल रहे शिविरों का समापन 30 मई और 1 जून को
जिला मंत्री रमेश वलीरामाणी ने बताया कि अजयनगर इकाई की ओर से दो सिन्धी बाल संस्कार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सहायक कमांडेंट मनोज भम्भाणी ने बच्चों को सेना में भर्ती होकर देश सेवा के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने संस्कारों और राष्ट्रभक्ति को बढ़ावा देने में ऐसे शिविरों की सराहना की। गायत्री परिवार की ओर से बच्चों को हवन और पूजन के माध्यम से सनातन संस्कार भी दिए जा रहे हैं।
शिविर प्रभारी अर्जुन टहिल्याणी ने बताया कि मेडिटेटिव स्कूल में चल रहे शिविर का समापन 30 मई को सुबह 8 बजे होगा, जबकि पार्वती उद्यान में चल रहे शिविर का समापन 1 जून को शाम 5:30 बजे प्रचंड बालाजी मंदिर, अजय नगर में किया जाएगा।
समापन समारोह में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी और प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान किए जाएंगे।
1 जून से दो नए शिविर होंगे शुरू
आयोजकों ने बताया कि 1 जून से सिन्धू भवन पंचशील नगर में पूज्य सिन्धी पंचायत और भारतीय सिन्धू सभा के संयुक्त तत्वावधान में नया शिविर शुरू होगा। वहीं आदर्श नगर स्थित प्रेम प्रकाश आश्रम में भी 1 जून सुबह 7:30 बजे से एक अन्य सिन्धी बाल संस्कार शिविर प्रारंभ किया जाएगा।