अल्का लांबा का आह्वान: कांग्रेस को मजबूत कर केंद्र की नीतियों के खिलाफ लड़ें, “बेटियों को पढ़ाओ और बचाओ”
अजमेर के सर्किट हाउस में मंगलवार को महिला अधिवेशन और प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सारिका सिंह भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का आयोजन गीता चौधरी, प्रियंका चौधरी और सीमा चौधरी के समन्वय में किया गया।
कांग्रेस को मजबूत करने और महिला अधिकारों पर जोर
अपने संबोधन में अल्का लांबा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए महिला अधिकारों और कन्या भ्रूण हत्या जैसे मुद्दों पर भावुक संदेश दिया।
उन्होंने कहा, “मैं अपनी मां की बेटियों में तीसरे नंबर पर हूं। शायद उन्हें भी बेटे की चाह रही होगी, लेकिन उन्होंने बेटियों को नहीं मारा। इसलिए मैं कहती हूं— बेटियों को पढ़ाओ और बेटियों को बचाओ।”
अल्का लांबा ने समाज में बढ़ते नशे और शराब की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि यदि शराब के ठेकों से परिवार प्रभावित हो रहे हैं तो महिलाओं को एकजुट होकर इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
सारिका सिंह ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं
प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह ने महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं, ब्लॉक अध्यक्षों, महासचिवों और नगर पदाधिकारियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें, महंगाई, मनरेगा की स्थिति और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की आवश्यकता है ताकि आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाया जा सके।
शबनम बानो ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की महासचिव शबनम बानो ने अल्का लांबा के विचारों का समर्थन करते हुए महिलाओं का हौसला बढ़ाया। उन्होंने EVM विवाद और राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त किए जाने जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
10 हजार महिलाओं के महासम्मेलन का ऐलान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामचन्द्र चौधरी ने कहा कि अजमेर डेयरी के माध्यम से 21 हजार से अधिक महिलाओं को पशुपालन से रोजगार से जोड़ा गया है।
उन्होंने घोषणा की कि अल्का लांबा और सारिका सिंह को पुनः अजमेर बुलाने के लिए जल्द ही 10 हजार महिलाओं का विशाल महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
महिलाओं ने किया भव्य स्वागत
अधिवेशन में जिलेभर से बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। स्वागत समिति की जिम्मेदारी सीमा चौधरी, गीता चौधरी और प्रियंका चौधरी ने संभाली। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न ब्लॉक और नगर अध्यक्षों ने मंच पर पहुंचकर अल्का लांबा और सारिका सिंह का शॉल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में सरोज कंवर, रिया चौधरी, लक्ष्मी देवी, हंजा देवी, लाजवंती डांगी, धीरज खींची, मीनाक्षी मीणा, संतोष भींचर, माया देवी, चेतना कुमावत, शिशुपाल यादव, रेनू गुर्जर, सविता शर्मा, मंजू, बसंत चौहान, तबस्सुम बानो, फिरोजा सुल्ताना, सीमा चौधरी और मदीना बानो सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी मौजूद रहीं।