News Image

भाजपा और विवेकानंद केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क योग एवं प्राणायाम शिविर शुरू

अजमेर। अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी और विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, राजस्थान प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निशुल्क योग एवं प्राणायाम प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। यह शिविर आगामी 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक नियमित रूप से संचालित होगा।

उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य आमजन को योग, प्राणायाम और भारतीय जीवन पद्धति से जोड़ते हुए स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक समाज का निर्माण करना है।

“योग से निरोगी जीवन की ओर बढ़ें” — अनिता भदेल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनिता भदेल ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि बीमार होने के बाद दवाइयों पर निर्भर रहने से बेहतर है कि व्यक्ति योग के माध्यम से निरोगी जीवन अपनाए। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन को संतुलित, अनुशासित और सकारात्मक बनाने की वैज्ञानिक पद्धति है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली, अनियमित खानपान और भौतिक सुख-सुविधाओं की दौड़ ने लोगों को शारीरिक और मानसिक समस्याओं की ओर धकेला है, लेकिन भारत की सनातन परंपरा और महर्षि पतंजलि द्वारा दिया गया योग ज्ञान आज भी स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रहा है।

विधायक भदेल ने लोगों से नियमित रूप से सुबह 5:30 बजे शिविर में भाग लेने और अपने परिवार, मित्रों व बच्चों को भी साथ लाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि शिविर पूरी तरह सेवा भावना से आयोजित किया जा रहा है, जहां प्रशिक्षित योगाचार्य शास्त्रीय पद्धति से योगाभ्यास कराएंगे।

21 जून तक चलेगा विशेष प्रशिक्षण अभियान

विधायक अनिता भदेल ने बताया कि शिविर में नियमित सहभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न श्रेणियों में सम्मान भी दिए जाएंगे। इनमें कर्मयोगी सम्मान, योगदूत सम्मान, अनुशासन योगी सम्मान, प्रेरणा योगी सम्मान, स्वास्थ्य साधक सम्मान, शक्ति योगिनी सम्मान, युवा योग प्रेरक सम्मान और योग प्रशिक्षक गौरव सम्मान जैसी विशेष श्रेणियां शामिल हैं।

योग से मिलेगा मानसिक और शारीरिक संतुलन

कार्यक्रम के दौरान विवेकानंद केंद्र के प्रांत कार्य पद्धति प्रमुख डॉ. स्वतंत्र शर्मा ने शिविर की रूपरेखा और विशेष योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 21 जून तक नियमित अभ्यास से प्रतिभागी अपने स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव महसूस करेंगे और स्वयं भी योग प्रशिक्षण देने में सक्षम बन सकेंगे।

उन्होंने युवाओं से योग अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज की तेज और कृत्रिम जीवनशैली के बीच योग ही स्थायी स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन का सबसे प्रभावी माध्यम है। शिविर में आवर्तन ध्यान, श्वसन अभ्यास, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, शीतलीकरण और तनाव प्रबंधन जैसी वैज्ञानिक विधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

योग को वैश्विक पहचान दिलाने में भारत की बड़ी भूमिका

नगर प्रमुख अंकुर प्रजापति ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक पहचान दिलाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज पूरी दुनिया भारत की योग परंपरा को स्वीकार कर स्वस्थ जीवन की दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि यह केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का अभियान नहीं बल्कि समाज को निरोगी, जागरूक और सकारात्मक बनाने का सामूहिक प्रयास है।