अजमेर में 31 मई को होगा भव्य ‘विलक्षण प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’, 510 मेधावी विद्यार्थी होंगे सम्मानित
अजमेर। अजमेर दक्षिण विधायक एवं पहल जन सेवा संस्थान की संरक्षक अनिता भदेल ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि शहर की शैक्षणिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पहल जन सेवा संस्थान द्वारा इस वर्ष भी 5वें “विलक्षण प्रतिभा सम्मान समारोह-2026” का आयोजन किया जाएगा। यह समारोह 31 मई 2026, रविवार को जवाहर रंगमंच, अजमेर में दोपहर 3:30 बजे आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि पहल जन सेवा संस्थान एक सामाजिक एवं गैर-राजनैतिक संस्था है, जो पिछले कई वर्षों से समाजसेवा, धार्मिक गतिविधियों और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से जनहित में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था शिक्षा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित करती रही है।
कार्यक्रम के तहत अजमेर शहर के सभी राजकीय एवं निजी उच्च माध्यमिक विद्यालयों के उन विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
प्रेस वार्ता में विधायक अनिता भदेल ने संस्था द्वारा किए गए विभिन्न जनहितकारी कार्यों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि “ग्रीन अजमेर, क्लीन अजमेर” अभियान के तहत शहर में करीब 20 हजार पौधे लगाए गए हैं। इसके अलावा लगभग 50 चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर आयोजित किए गए हैं। संस्था द्वारा पशु-पक्षियों के लिए परिंडे और पानी की टंकियों का वितरण, रोडवेज बसों में कचरा पात्र वितरण, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रतिभावान महिलाओं का सम्मान और युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट शिविर भी आयोजित किए गए हैं।
संस्थान के अध्यक्ष नितेश आत्रे ने बताया कि वर्ष 2025 तक संस्था करीब 2000 विद्यार्थियों को विलक्षण प्रतिभा सम्मान से सम्मानित कर चुकी है। इस वर्ष समारोह में कुल 510 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें 14 राजकीय और 50 गैर राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हैं। तीनों संकाय—कला, वाणिज्य और विज्ञान—में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष राजकीय विद्यालयों के 34 विद्यार्थी और गैर राजकीय विद्यालयों के 476 विद्यार्थी सम्मान प्राप्त करेंगे। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल शामिल होंगे। उनका उद्बोधन विद्यार्थियों को प्रेरणा प्रदान करेगा।
विधायक अनिता भदेल ने विद्यार्थियों, अभिभावकों, नागरिकों और शिक्षण संस्थानों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह समारोह विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान करने के साथ उन्हें जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा भी देगा।