अमिताभ बच्चन के ट्वीट ने मचाई हलचल, रणवीर शौरी ने दिया जवाब
सोशल मीडिया पर अपने रहस्यमयी और पहेली जैसे ट्वीट्स के लिए मशहूर महानायक Amitabh Bachchan एक बार फिर चर्चा में हैं। 83 वर्षीय अभिनेता ने 17 फरवरी को अपने एक्स अकाउंट पर एक संक्षिप्त लेकिन चौंकाने वाला संदेश पोस्ट किया, जिसने देखते ही देखते इंटरनेट पर बहस छेड़ दी। उन्होंने लिखा, “T 5660 - अपनी आवाज़ अब अपनी ना रही !!!” उनके इस ट्वीट ने फैंस और ट्रोल्स दोनों का ध्यान खींच लिया। हमेशा की तरह इस बार भी लोग उनके संदेश का अर्थ निकालने में जुट गए।
रणवीर शौरी का मजेदार जवाब
अमिताभ के इस ट्वीट पर अभिनेता Ranvir Shorey खुद को प्रतिक्रिया देने से रोक नहीं सके। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, “Sir, AI के आने से अपनी शक्ल भी अब अपनी ना रही।” रणवीर का यह कमेंट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और यूजर्स ने भी इसी लहजे में मजाकिया टिप्पणियां शुरू कर दीं।
कुछ यूजर्स ने दार्शनिक अंदाज अपनाया। एक ने लिखा कि यह शरीर भी अपना नहीं है, एक दिन मिट्टी में मिल जाना है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं। वहीं एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि लोगों ने जब अपना जमीर बेच दिया तो आवाज का क्या कहना। किसी ने एलेक्सा को कंफ्यूज न करने की सलाह दी तो किसी ने उम्र का हवाला देते हुए गले को आराम देने की बात कही।
एआई और बदलती तकनीक पर चर्चा
अमिताभ बच्चन की आवाज दशकों से उनकी पहचान रही है। ऐसे में “अपनी आवाज़ अब अपनी ना रही” जैसा ट्वीट कई लोगों को तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ओर इशारा करता नजर आया। आजकल एआई तकनीक के जरिए किसी भी व्यक्ति की आवाज और चेहरा डिजिटल रूप से तैयार किया जा सकता है। यही वजह है कि कुछ यूजर्स ने इसे एआई के बढ़ते प्रभाव से जोड़कर देखा। एक यूजर ने तो यहां तक लिखा कि दुआ करिए ‘परंपरा, प्रतिष्ठा और अनुशासन’ अभी भी आपका ही रहे, वरना मोहल्ले के लड़के भी शहंशाह की आवाज में उधार मांगने लगेंगे।
ट्विटर पर अमिताभ का अलग अंदाज
अमिताभ बच्चन मई 2010 में ट्विटर से जुड़े थे। उनका पहला ट्वीट “T1” के रूप में आया था और अगले दिन उन्होंने “T2” लिखकर इस सिलसिले की शुरुआत की। वे अपने हर ट्वीट के साथ एक क्रम संख्या लिखते हैं, जो अब हजारों में पहुंच चुकी है। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि यह नंबर उनके लिए रेफरेंस का काम करते हैं। जब उन्हें किसी पुराने ट्वीट या जानकारी की जरूरत होती है, तो वे इन नंबरों के जरिए आसानी से उसे ढूंढ लेते हैं।
फिल्मों से ज्यादा ट्वीट्स की चर्चा
अक्सर देखा गया है कि उनकी फिल्मों से ज्यादा चर्चा उनके ट्वीट्स और ब्लॉग पोस्ट की होती है। वे कई बार ऐसे संदेश लिखते हैं जिनका अर्थ तुरंत समझ में नहीं आता। इसी वजह से यूजर्स उनसे सीधे सवाल भी पूछ लेते हैं। सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता और अनोखा अंदाज उन्हें अन्य सितारों से अलग बनाता है।
आने वाले प्रोजेक्ट्स
वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन हाल के वर्षों में कई बड़ी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। वह 2024 में आई फिल्म Kalki 2898 AD और Vettaiyan में दिखाई दिए थे। 2025 में उन्होंने फिल्म “120” में वॉइसओवर दिया। खबर है कि वह निर्देशक Nitesh Tiwari की फिल्म Ramayana: Part 1 में जटायु की भूमिका निभा सकते हैं। इसके अलावा Kalki 2898 AD के दूसरे भाग में भी उनकी मौजूदगी की चर्चा है।