News Image

चांदी में फिर आई तूफानी तेजी, सोना भी उछला, 4 फरवरी को सर्राफा बाजार में दिखी जबरदस्त हलचल

 

सोना-चांदी की कीमतों में मंगलवार को शुरू हुई तेज बढ़त का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले मजबूत संकेतों और घरेलू मांग में बढ़ोतरी के कारण कीमती धातुओं में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। राजस्थान के जोधपुर सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना और चांदी दोनों के भावों में बड़ी तेजी दर्ज की गई, जिससे निवेशकों और व्यापारियों में हलचल तेज हो गई।

जोधपुर सर्राफा बाजार में भाव आसमान पर

जोधपुर सर्राफा बाजार की बात करें तो बुधवार को सोने के भाव में प्रति दस ग्राम करीब 5,000 रुपये की तेजी दर्ज की गई। वहीं चांदी की कीमतों में एक झटके में प्रति किलोग्राम 13,500 रुपये की भारी बढ़ोतरी देखने को मिली। इस तेजी के बाद बाजार में खरीदारी का रुझान भी बढ़ा नजर आया, खासकर चांदी में निवेश को लेकर लोगों की दिलचस्पी और तेज हो गई है।

MCX पर सोना-चांदी की तेज चाल

अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और घरेलू मांग के कारण मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर भी सोना और चांदी मजबूती के साथ ट्रेड करते नजर आए। बुधवार शाम साढ़े चार बजे तक MCX पर 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाला सोना 3.4 प्रतिशत यानी 5,226 रुपये की तेजी के साथ 1,59,035 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी शाम 4:29 बजे तक 6.13 प्रतिशत यानी 16,417 रुपये की भारी बढ़त के साथ 2,84,432 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।

रिकॉर्ड स्तरों से कुछ नीचे लेकिन रुझान मजबूत

गौरतलब है कि 29 जनवरी 2026 को सोने ने अब तक का सबसे ऊंचा स्तर 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम छुआ था। इसी तरह चांदी भी 29 जनवरी 2026 को 4,20,000 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गई थी। हालांकि मौजूदा भाव इन रिकॉर्ड स्तरों से नीचे हैं, लेकिन बाजार का रुझान अब भी मजबूत बना हुआ है और निवेशकों को आगे और तेजी की उम्मीद है।

जोधपुर में ताजा सर्राफा भाव

बुधवार को जोधपुर सर्राफा बाजार में स्टैंडर्ड सोना 1,62,000 रुपये प्रति दस ग्राम और तेजाबी सोना 1,61,000 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। वहीं चांदी हाथी छाप के भाव 2,96,500 रुपये प्रति किलोग्राम और चांदी चौरसा 2,86,500 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किए गए।

कृषि जिंसों में मिला-जुला रुख

कीमती धातुओं में तेजी के उलट कृषि जिंसों में बुधवार को मिला-जुला रुख देखने को मिला। कृषि मंडी में मसाला फसल जीरा के भाव में प्रति क्विंटल 100 से 125 रुपये की गिरावट दर्ज की गई। सामान्य ग्राहकी के चलते ईसबगोल, ग्वारगम सहित अन्य कृषि जिंसों में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया और भाव सामान्य स्तर पर बने रहे।

मंडियों में अनाज और दलहन के भाव स्थिर

मण्डोर कृषि उपज मंडी सहित अन्य मंडियों में अनाज, दलहन और किराना जिंसों के भाव सामान्य रहे। कहीं-कहीं हल्की तेजी और गिरावट देखने को मिली, लेकिन कुल मिलाकर बाजार में स्थिरता बनी रही। व्यापारियों के अनुसार फिलहाल कृषि जिंसों में बड़ी हलचल के संकेत नहीं हैं, जबकि सोना-चांदी में वैश्विक परिस्थितियों के चलते उतार-चढ़ाव का दौर आगे भी जारी रह सकता है।