News Image

पुष्कर में विदेशी पर्यटकों की संदिग्ध गतिविधि, सीआईडी अलर्ट, भारत छोड़ने का आदेश

 

राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थल पुष्कर में दो विदेशी पर्यटकों द्वारा संदिग्ध पोस्टर और स्टीकर लगाए जाने का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। टूरिस्ट वीजा पर भारत आए दो ब्रिटिश नागरिकों को वीजा नियमों के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर देश छोड़ने का आदेश दिया गया है। यह कार्रवाई सीआईडी (विशेष शाखा) और विदेशी पंजीकरण कार्यालय की संयुक्त जांच के बाद की गई।

टूरिस्ट वीजा पर रह रहे थे दोनों विदेशी नागरिक

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं विदेशी पंजीकरण अधिकारी राजेश मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि ब्रिटेन के नागरिक लुईस गैब्रियल और उनकी महिला मित्र डी अनुएशी एम्मा क्रिस्टीन टूरिस्ट वीजा पर भारत आए थे। दोनों 16 दिसंबर को पुष्कर पहुंचे और इमली मोहल्ला स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। प्रारंभिक तौर पर उनकी गतिविधियां सामान्य प्रतीत हो रही थीं, लेकिन बाद में मिली एक सूचना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी।

फिलिस्तीन समर्थित और इजरायल विरोधी स्टीकर से मचा हड़कंप

21 जनवरी को पुष्कर कस्बे में 2 से 3 स्थानों पर फिलिस्तीन समर्थित और इजरायल विरोधी छोटे-छोटे स्टीकर लगाए जाने की सूचना पुलिस और सीआईडी को मिली। सूचना मिलते ही सीआईडी यूनिट पुष्कर के कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सभी स्टीकर हटवाने की कार्रवाई की। चूंकि मामला अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़ा हुआ था, इसलिए इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आई विदेशी नागरिकों की भूमिका

सीआईडी यूनिट ने जिला पुलिस की मदद से मामले की गहन जांच की। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि ये स्टीकर टूरिस्ट वीजा पर भारत में रह रहे ब्रिटिश नागरिक लुईस गैब्रियल और डी अनुएशी एम्मा क्रिस्टीन द्वारा लगाए गए थे। जांच अधिकारियों के अनुसार, टूरिस्ट वीजा पर रहते हुए किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि में शामिल होना या किसी अन्य देश के पक्ष या विरोध में प्रचार करना वीजा शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन है।

इमीग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट के तहत कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने बताया कि वीजा नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए दोनों विदेशी नागरिकों के खिलाफ इमीग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के तहत कार्रवाई की गई। इसके अंतर्गत 2 फरवरी को दोनों को ‘लीव इंडिया नोटिस’ जारी किया गया, जिसमें उन्हें तत्काल भारत छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

विदेशी नागरिकों पर कड़ी निगरानी, सख्त कार्रवाई की चेतावनी

राजेश मीणा ने कहा कि जिले में रह रहे सभी विदेशी नागरिकों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि कोई विदेशी नागरिक वीजा शर्तों का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ डिपोर्टेशन के साथ-साथ ब्लैकलिस्ट करने की भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत की संप्रभुता और कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण बढ़ाई गई सतर्कता

गौरतलब है कि पुष्कर में बेदखबाद स्थित इजरायल का एक प्रमुख धार्मिक स्थल मौजूद है, जिसके चलते यहां बड़ी संख्या में इजरायली पर्यटक भी आते रहते हैं। ऐसे में किसी भी तरह की राजनीतिक या संवेदनशील गतिविधि को सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जाता है। इसी कारण प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।