संजय दत्त ने खरीदी Tesla Cybertruck? मुंबई की सड़कों पर दिखी एलन मस्क की फेवरेट इलेक्ट्रिक SUV
बॉलीवुड सुपरस्टार संजय दत्त एक बार फिर अपनी शाही लाइफस्टाइल और लग्जरी कारों के शौक को लेकर चर्चा में हैं। दमदार एक्टिंग और रौबदार पर्सनैलिटी के लिए पहचाने जाने वाले संजय दत्त का नाम पहले से ही बॉलीवुड के सबसे अमीर और स्टाइलिश सितारों में शुमार है। हाल ही में प्रभास के साथ फिल्म ‘राजासाब’ में नजर आए संजू बाबा अब अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV को लेकर सुर्खियों में हैं। बताया जा रहा है कि संजय दत्त ने एलन मस्क की ईवी कंपनी टेस्ला की बहुचर्चित और फ्यूचरिस्टिक Tesla Cybertruck अपने कलेक्शन में शामिल कर ली है।
मुंबई की सड़कों पर Cybertruck के साथ दिखे संजू बाबा
हाल ही में संजय दत्त को मुंबई की सड़कों पर Tesla Cybertruck चलाते हुए देखा गया, जिसके बाद यह कयास तेज हो गए कि उन्होंने यह अनोखी इलेक्ट्रिक SUV खरीद ली है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि यह गाड़ी उन्होंने खरीदी है या सिर्फ टेस्ट ड्राइव के लिए ली गई थी। गौर करने वाली बात यह भी है कि इस Cybertruck पर किसी अन्य देश का रजिस्ट्रेशन नंबर लगा हुआ था, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इसे दुबई या किसी अन्य विदेशी बाजार से इंपोर्ट किया गया हो सकता है। संजय दत्त की दमदार छवि और Cybertruck का आक्रामक डिजाइन एक-दूसरे को पूरी तरह सूट करता नजर आया।
भारत में Tesla Cybertruck की अनुमानित कीमत
फिलहाल Tesla की आधिकारिक तौर पर भारत में सिर्फ Model Y की बिक्री की चर्चा है और Cybertruck अभी भारतीय बाजार में लॉन्च नहीं हुई है। बावजूद इसके, कुछ अमीर लोगों ने इसे निजी तौर पर इंपोर्ट कराया है। अगर Tesla Cybertruck को भारत मंगाया जाए, तो इसके डुअल मोटर AWD वेरिएंट की कीमत करीब 1.50 करोड़ से 1.80 करोड़ रुपये तक हो सकती है। वहीं, इसके सबसे पावरफुल ट्रिपल मोटर Cyberbeast वेरिएंट की कीमत 2.10 करोड़ से 2.50 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। भारी-भरकम इंपोर्ट ड्यूटी और टैक्स के चलते यह SUV भारत में बेहद चुनिंदा लोगों के पास ही देखने को मिलती है।
डिजाइन और मजबूती में सबसे अलग Cybertruck
Tesla Cybertruck दुनिया की सबसे अनोखी और चर्चित इलेक्ट्रिक SUVs में से एक है। इसका फ्यूचरिस्टिक और एंगुलर डिजाइन इसे बाकी गाड़ियों से बिल्कुल अलग बनाता है। यह अल्ट्रा-हार्ड 30X कोल्ड-रोल्ड स्टेनलेस स्टील से बनी है, जिसे बुलेटप्रूफ तक बताया जाता है। इसमें टेस्ला का खास आर्मर ग्लास दिया गया है, जो जबरदस्त मजबूती के लिए जाना जाता है। इसके अलावा, इसमें करीब 121 क्यूबिक फीट का कार्गो स्पेस, 18.5 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और पीछे बैठे यात्रियों के लिए 9.4 इंच की अलग स्क्रीन दी गई है।
परफॉर्मेंस में भी रॉकेट से कम नहीं
Tesla Cybertruck सिर्फ लुक्स में ही नहीं, बल्कि परफॉर्मेंस के मामले में भी बेहद दमदार है। इसमें 123 kWh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 547 किलोमीटर तक की रेंज देती है, जबकि रेंज एक्सटेंडर के साथ यह 750 किलोमीटर से भी ज्यादा चल सकती है। इसका टॉप वेरिएंट Cyberbeast महज 2.6 सेकेंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेता है। 4-व्हील स्टीयरिंग और स्टीयर-बाय-वायर टेक्नोलॉजी की वजह से यह भारी SUV भी तंग सड़कों पर आसानी से मुड़ जाती है।
संजय दत्त का लग्जरी कार कलेक्शन
Tesla Cybertruck के अलावा संजय दत्त के पास पहले से ही कई महंगी और लग्जरी कारें मौजूद हैं। उनकी गैराज में लैंड रोवर रेंज रोवर, लैंड रोवर डिफेंडर, रोल्स रॉयस घोस्ट, मर्सिडीज मायबैक S580, फेरारी 599 GTB, ऑडी R8 और ऑडी Q7 जैसी शानदार गाड़ियां शामिल हैं। बताया जाता है कि संजय दत्त की कार कलेक्शन की कुल कीमत 30 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है। ऐसे में अगर Tesla Cybertruck सच में उनकी नई सवारी है, तो यह उनके रॉयल कलेक्शन में एक और खास इजाफा माना जाएगा।