News Image

आर्मी डे पर मिला देशभक्ति का तोहफा: ‘बॉर्डर 2’ का देशभक्ति से भरा ट्रेलर रिलीज

 

बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल के फैंस के लिए आर्मी डे का दिन बेहद खास बन गया है। 15 जनवरी के मौके पर मेकर्स ने उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का दमदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मच गई है। देशभक्ति से ओत-प्रोत इस ट्रेलर ने दर्शकों की रगों में जोश भर दिया है और एक बार फिर 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ की यादें ताजा कर दी हैं।

‘गदर 2’ के बाद सनी देओल की बड़ी वापसी

‘गदर 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद सनी देओल अब एक बार फिर देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। ‘बॉर्डर 2’ उनकी आइकॉनिक वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है, जिसे लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी। जैसे ही ट्रेलर रिलीज हुआ, फैंस की एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है। यह फिल्म न सिर्फ पुरानी ‘बॉर्डर’ की विरासत को आगे बढ़ाती है, बल्कि नई पीढ़ी के दर्शकों को भी जोड़ने की कोशिश करती है।

ट्रेलर में दिखा देशभक्ति का जबरदस्त जज्बा

‘बॉर्डर 2’ के ट्रेलर की शुरुआत सनी देओल के दमदार डायलॉग से होती है, जिसमें वह कहते हैं कि फौजी के लिए बॉर्डर सिर्फ नक्शे पर खींची एक लकीर नहीं, बल्कि अपने देश से किया गया वादा होता है। यह डायलॉग ही ट्रेलर का टोन सेट कर देता है। इसके बाद ट्रेलर में युद्ध के सीन, सैनिकों का साहस, और देश के लिए जान न्योछावर करने का जज्बा साफ नजर आता है। ट्रेलर का हर फ्रेम देशभक्ति और इमोशन्स से भरा हुआ है।

स्टारकास्ट ने बढ़ाया फिल्म का दम

फिल्म में सनी देओल के अलावा दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं फीमेल लीड के तौर पर मोना सिंह, सोनम बाजवा, आन्या सिंह और मेधा राणा को कास्ट किया गया है। फिल्म में मेजर सैनिक होशियार सिंह की सच्ची कहानी को दिखाया गया है, जिसका किरदार वरुण धवन निभा रहे हैं। ट्रेलर में सभी कलाकारों की झलक देखने को मिलती है और हर कोई अपने किरदार में फिट नजर आता है।

सनी देओल का डायलॉग बना चर्चा का विषय

ट्रेलर के आखिर में सनी देओल का एक जबरदस्त डायलॉग सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। उनकी भारी आवाज और आक्रामक अंदाज एक बार फिर दर्शकों को 90 के दशक वाले सनी देओल की याद दिला देता है। पूरे ट्रेलर में सनी देओल का दबदबा साफ नजर आता है, वहीं बाकी कलाकारों की परफॉर्मेंस भी प्रभावशाली लगती है।

सोशल मीडिया पर ट्रेलर की अनाउंसमेंट

सनी देओल ने ट्रेलर रिलीज से पहले अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था कि इस कहानी से बड़ी कोई कहानी नहीं और इस जीत से बड़ा कोई जश्न नहीं। साथ ही उन्होंने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान किया। इसके अलावा, 14 जनवरी की रात सनी देओल ने भारतीय नौसेना के जवानों के साथ समय बिताया और उनकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर कीं, जिसमें उन्होंने देश और सैनिकों के प्रति गर्व जाहिर किया।

पहले ही टीज़र और गानों ने मचाया था धमाल

इससे पहले 16 दिसंबर 2025 को विजय दिवस के मौके पर फिल्म का टीज़र रिलीज किया गया था, जिसने सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया बटोरी थी। अब ट्रेलर आने के बाद फैंस की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। फिल्म से ‘संदेशे आते हैं’ सहित चार गाने पहले ही रिलीज हो चुके हैं, जो दर्शकों को भावुक कर चुके हैं।

कब रिलीज होगी ‘बॉर्डर 2’

‘बॉर्डर 2’ साल 2026 की सबसे ज्यादा इंतजार की जा रही फिल्मों में से एक है। यह फिल्म 23 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के लंबे वीकेंड पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म को भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आधारित है और भारतीय सैनिकों की वीरता और बलिदान की गाथा को बड़े पर्दे पर दिखाएगी।