राजस्थान में सांसद विकास निधि को लेकर छिड़ा सियासी रण
राजस्थान में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि को लेकर राजनीतिक बयान बाजी का सिलसिला जोर पकड़ चुका है। सोमवार को राजस्थान सरकार के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कांग्रेस के भरतपुर से सांसद संजना जाटव, चूरू सांसद राहुल कास्वां और झुंझुनू सांसद बृजेंद्र सिंह ओला पर गंभीर आरोप लगाये। बेढम ने अपने बयान में कहा कि तीनों कांग्रेस सांसद केंद्रीय नेतृत्व को खुश करने के लिए सांसद विकास निधि की धनराशि को हरियाणा के कैथल विधानसभा क्षेत्र में खर्च कर रहे हैं।
सांसद निधि से राजनीतिक भविष्य सुरक्षित कर रहे सांसद: बेढ़म
राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म का कहना है कि हर सांसद को क्षेत्र में विकास के लिए सालाना 5 करोड रुपए मिलते हैं जिसमें से अधिकतम 25 लाख रुपए अपने क्षेत्र के बाहर खर्च कर सकते हैं और 1 करोड़ रुपए आपदा में आवंटित कर सकते हैं लेकिन तीनों सांसद राजस्थान का पैसा अपने राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने के लिए हरियाणा में खर्च कर रहे हैं। बेढम ने आरोप लगाया है सांसद नियमों को दरकिनार कर सांसद निधि का पैसा कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला के बेटे आदित्य सिंह सुरजेवाला के कैथल विधानसभा क्षेत्र में खर्च कर रहे हैं।
बेढ़म ने दावा किया कि संजना जाटव ने 45 लाख रुपए, राहुल कास्वां ने 50 लाख रुपए और बृजेंद्र सिंह ओला ने 25 लाख रुपए में विकास कार्यों के लिए दिए हैं।
मंत्री के बयान पर कांग्रेस सांसदों का पलटवार
गृहमंत्री के बयान जवाब देते हुए चूरू सांसद राहुल कास्वां बोले "जवाहर सिंह बेढ़म को कानून पढ़ लेना चाहिए ऐसा कहीं नहीं लिखा है कि संसद क्षेत्र के बाहर के अनुशंसा नहीं कर सकता। अनुशंसा सही है या गलत, यह देखना अधिकारियों का काम है।"
भरतपुर सांसद संजना जाटव ने पलटवार करते हुए कहा कि "विकास कार्यों के लिए दूसरे राज्यों को पैसे दिए जा सकते हैं उन्होंने जो भी काम किया है नियमों के दायरे में रहकर किया है और उनके क्षेत्र में राज्यसभा सांसद सुरजेवाला ने एक करोड रुपए दिए हैं। संजना जाटव ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी के राज्यसभा सदस्यों ने भी दूसरे राज्यों में सांसद निधि का पैसा दिया है।"