News Image

राजस्थान हाई कोर्ट के वकील आज करेंगे कार्य बहिष्कार 
 

राजस्थान हाई कोर्ट में महीने के दो शनिवार न्यायिक कार्य दिवस लागू करने और ईवनिंग कोर्ट शुरू करने के फैसले के खिलाफ जयपुर हाई कोर्ट में वकील आज कार्य बहिष्कार करेंगे। वकीलों का मानना है कि इन फैसलों पर माननीय न्यायालय को पुनः विचार करना चाहिए।


वकीलों का पक्ष

जयपुर हाई कोर्ट के वकीलों का कहना है कि महीने के दो शनिवारों को कार्य दिवस घोषित करना और ईवनिंग कोर्ट शुरू करना दोनों ही फैसले बिना बार से परामर्श किये लिए गए हैं और इन फैसलों से वकीलों, पक्षकारों और न्यायिक कर्मचारियों को असुविधा होगी। साथी इवनिंग कोर्ट की व्यवस्था शुरू करने में इस समय सबसे बड़ी बाधा इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी है। 

 

बार से अब तक नहीं हुआ कोई औपचारिक संवाद

राजस्थान हाई कोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष राजीव सोगरवाल ने बताया कि इन फैसलों के खिलाफ बार एसोसिएशन की ओर से 19 दिसंबर 2025 को हाई कोर्ट प्रशासन को प्रतिवेदन दिया गया था जिस पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है और ना ही बार से कोई औपचारिक संवाद किया गया है।


वकीलों की हड़ताल के चलते सुनवाई प्रभावित

लंबे अवकाश के बाद आज से कोर्ट में न्यायिक कार्य की शुरुआत होने वाली थी लेकिन वकीलों की हड़ताल के चलते महत्वपूर्ण केस की सुनवाई भी प्रभावित होगी। गौरतलब कि आज  ऐस आई भर्ती पेपर लीक मामले में सुनवाई होनी थी जो वकीलों के कार्य बहिष्कार के चलते टल सकती है।

 

जोधपुर में भी अधिवक्ताओं का कार्य बहिष्कार

जोधपुर हाई कोर्ट में भी अधिवक्ताओं ने 3 जनवरी को इन फैसलों का विरोध जताया था और आज से जोधपुर हाई कोर्ट की दोनों पीठों में वकील कार्य बहिष्कार कर रहे हैं।

 

शांतिपूर्ण तरीके से होगी हड़ताल

बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि हड़ताल का मुख्य उद्देश्य हाई कोर्ट प्रशासन का ध्यान अधिवक्ताओं की समस्याओं की ओर आकर्षित करना है और यह कार्य बहिष्कार पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से होगा।