News Image

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का असर, शीतलहर व घने कोहरे का अलर्ट जारी

 

राजस्थान में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर द्वारा प्रदेश के 5 जिलों में शीतलहर तथा 9 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है, जिससे आमजन को तीव्र ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में लगातार दूसरे दिन तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माउंट आबू के बाद फतेहपुर (सीकर) प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शेखावाटी क्षेत्र एवं जयपुर संभाग में सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन और गलन में बढ़ोतरी हुई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान जयपुर, भरतपुर, बीकानेर, कोटा और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। फतेहपुर, सीकर और अलवर के ग्रामीण क्षेत्रों में पाला पड़ने से फसलों को नुकसान की आशंका के चलते किसानों की चिंता बढ़ गई है।

शीतलहर और कोहरे के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। पिलानी (झुंझुनूं) में सबसे ठंडा दिन रहा, जहां अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के निदेशक श्री राधेश्याम शर्मा के अनुसार, आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। अगले 2–3 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है तथा न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है। उत्तरी राजस्थान में शीतलहर का प्रभाव जारी रहेगा और कुछ स्थानों पर कोल्ड-डे की स्थिति बन सकती है।