मुस्तफिजुर रहमान विवाद: भारत में टी20 विश्व कप खेलने से बांग्लादेश का इनकार
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने टी20 विश्व कप को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि मौजूदा परिस्थितियों में वह अपनी टीम को भारत भेजने के पक्ष में नहीं है। यह निर्णय हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बाहर किए जाने के बाद उत्पन्न विवाद के मद्देनज़र लिया गया है।
बीसीबी का कहना है कि मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम से हटाए जाने के बाद बांग्लादेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के खेल मंत्रालय ने बीसीबी को निर्देश दिया था कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से भारत के बजाय श्रीलंका में बांग्लादेश के मैच आयोजित कराने की मांग रखे।
बीसीबी अध्यक्ष एवं बांग्लादेश के पूर्व कप्तान अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने इस मुद्दे पर आपातकालीन बैठक भी बुलाई थी, जिसमें खिलाड़ियों की सुरक्षा और मौजूदा हालात पर विस्तृत चर्चा की गई।
गौरतलब है कि बांग्लादेश को टी20 विश्व कप के तहत अपने चार लीग मैच भारत में खेलने हैं, जिनमें तीन मैच कोलकाता और एक मैच मुंबई में निर्धारित है। बांग्लादेश ग्रुप सी में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, इटली और नेपाल के साथ शामिल है।
इस पूरे मामले पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार, इतने कम समय में टूर्नामेंट के कार्यक्रम और स्थान में बदलाव करना व्यावहारिक नहीं है क्योंकि टीमों की यात्रा, होटल, प्रसारण और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाएं पहले से तय हैं।
फिलहाल इस विषय पर अंतिम निर्णय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को लेना है।