इन लोगों को भूलकर भी नहीं खाना चाहिए चुकंदर, डॉक्टर ने दी चेतावनी
चुकंदर को आमतौर पर हीमोग्लोबिन बढ़ाने और शरीर को डिटॉक्स करने के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ खास स्वास्थ्य समस्याओं में इसका सेवन फायदे की जगह नुकसान भी पहुंचा सकता है? डॉक्टरों के अनुसार, हर व्यक्ति का मेटाबॉलिज़्म अलग होता है और चुकंदर में मौजूद कुछ तत्व सभी के लिए अनुकूल नहीं होते।
डॉ. शालिनी सिंह सोलंकी बताती हैं कि चुकंदर में ऑक्सलेट, नाइट्रेट्स और प्यूरिन जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो कुछ लोगों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकते हैं। यदि पहले से कोई बीमारी है और बिना डॉक्टर की सलाह के चुकंदर का सेवन किया जा रहा है, तो यह स्थिति को और बिगाड़ सकता है।
डॉ. सोलंकी ने ऐसे 7 प्रकार के लोगों को चुकंदर से परहेज करने या बहुत सीमित मात्रा में सेवन करने की सलाह दी है। आइए जानते हैं कौन हैं वे लोग—
1. संवेदनशील आंतों (Sensitive Gut) वाले लोग
जिन लोगों की आंतें संवेदनशील हैं या जो IBS (इरिटेबल बाउल सिंड्रोम) से पीड़ित हैं, उन्हें चुकंदर से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। इसमें मौजूद फाइबर और फ्रुक्टन्स पेट में गैस, सूजन और मरोड़ की समस्या बढ़ा सकते हैं।
2. एसिडिटी और GERD के मरीज
चुकंदर की प्रकृति कुछ लोगों में एसिडिटी को बढ़ा सकती है। GERD या सीने में जलन की समस्या से जूझ रहे लोगों में इसके सेवन से परेशानी और बढ़ सकती है।
3. गुर्दे की पथरी से पीड़ित लोग
चुकंदर में ऑक्सलेट की मात्रा अधिक होती है, जो कैल्शियम के साथ मिलकर किडनी स्टोन बनने की प्रक्रिया को तेज कर सकती है। इसलिए पथरी के मरीजों के लिए इसका सेवन जोखिम भरा हो सकता है।
4. कमजोर किडनी वाले लोग
जिन लोगों की किडनी सही तरीके से काम नहीं कर रही है, उनके लिए चुकंदर में मौजूद पोटैशियम को प्रोसेस करना मुश्किल हो सकता है। इससे किडनी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
5. लो ब्लड प्रेशर वाले लोग
चुकंदर ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद करता है। ऐसे में जिनका बीपी पहले से ही कम रहता है, उनके लिए यह चक्कर या कमजोरी का कारण बन सकता है।
6. गाउट या यूरिक एसिड की समस्या वाले लोग
चुकंदर में मौजूद प्यूरिन शरीर में यूरिक एसिड के स्तर को बढ़ा सकता है, जिससे गाउट के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है।
7. एलर्जी या फूड सेंसिटिविटी वाले लोग
कुछ लोगों को चुकंदर से एलर्जिक रिएक्शन हो सकता है, जैसे खुजली, रैशेज या पेट की परेशानी। ऐसे मामलों में इसका सेवन तुरंत बंद कर देना चाहिए।