News Image

यूपी अब अपराधियों को चेतावनी देता है, नहीं सुधरे तो कार्रवाई तय: सीएम योगी

 

उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे और अंतिम दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कानून-व्यवस्था, माफिया के खिलाफ कार्रवाई और विकास कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब पूरी तरह बदल चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्यों की श्रेणी से बाहर निकाला है। आज प्रदेश में व्यापारियों से गुंडा टैक्स नहीं वसूला जाता। उन्होंने कहा कि अब अपराधी जानते हैं कि अगर वे बेटियों के खिलाफ अपराध करेंगे तो सख्त कार्रवाई तय है।

सीएम योगी ने माफियाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी या सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा कर मॉल, वसूली के अड्डे या अनैतिक गतिविधियां चलाने वालों के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई होगी और उसे कोई रोक नहीं सकता।

सरकारी योजनाओं की लूट पर रोक लगी

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान सरकारी योजनाओं में भारी लूट हुई। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जेपीएनआईसी परियोजना करीब 200 करोड़ की थी, लेकिन 860 करोड़ खर्च होने के बाद भी अधूरी है। गोमती रिवर फ्रंट परियोजना 167 करोड़ की थी, जिसमें 1400 करोड़ खर्च होने के बावजूद काम पूरा नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिए पहले 15,200 करोड़ रुपये तय किए गए थे, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे 11,400 करोड़ रुपये में पूरा करके दिखाया। यही पूर्ववर्ती सरकारों के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की सच्चाई है।

यूपी में दंगा नहीं, कानून का राज

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में न दंगे हैं और न ही कर्फ्यू। प्रदेश में शांति और कानून-व्यवस्था कायम है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह अपने ही दल की नेता पूजा पाल को न्याय नहीं दिला सका, क्योंकि माफियाओं के सामने झुकना उनकी मजबूरी थी। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए बेटी किसी भी दल की हो, न्याय हर हाल में मिलेगा।

विदेशी घटनाओं पर विपक्ष के रुख पर सवाल

सीएम योगी ने विपक्ष पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी नीति के कारण देश का विभाजन हुआ। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में दलित हिंदू की हत्या पर विपक्ष चुप रहा, जबकि गाजा जैसे मुद्दों पर भावनाएं जताई जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों के लिए दलित, किसान और महिलाएं केवल वोट बैंक बनकर रह गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध प्रवासियों और रोहिंग्याओं के खिलाफ कार्रवाई पर भी यही लोग विरोध करेंगे, क्योंकि वे उन्हें वोट बैंक मानते हैं।