खालिदा जिया की तबीयत अब भी नाज़ुक, डॉक्टरों ने जारी किया ताज़ा स्वास्थ्य अपडेट
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की प्रमुख खालिदा जिया की सेहत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उनका इलाज ढाका के एवरकेयर हॉस्पिटल में जारी है। यह जानकारी उनके निजी चिकित्सक एज़ेडएम जाहिद हुसैन ने गुरुवार को दी।
80 वर्षीय खालिदा जिया को 23 नवंबर को कई स्वास्थ्य जटिलताओं के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें बाद में कोरोनरी केयर यूनिट (CCU) में शिफ्ट किया गया।
कुछ समय तक वेंटिलेटर पर भी रहीं खालिदा जिया
डॉक्टरों के अनुसार, 11 दिसंबर को उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था, ताकि फेफड़ों समेत अन्य महत्वपूर्ण अंगों को आराम मिल सके। डॉक्टर हुसैन ने बताया कि उन्हें लगातार आवश्यक चिकित्सा दी जा रही है और पिछले कुछ दिनों से उनकी हालत में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं आया है।
उन्होंने कहा, “खालिदा जिया की स्थिति अभी भी गंभीर है, लेकिन स्थिर बनी हुई है। हमें उम्मीद है कि धीरे-धीरे उनकी सेहत में सुधार होगा और आगे चलकर वे देश की राजनीति में फिर से सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी।”