प्रियंका गांधी से क्यों मिले प्रशांत किशोर? सियासी हलकों में तेज़ हुई चर्चाएं
बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर एक बार फिर चर्चा में हैं। दरअसल, हाल ही में उनकी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से दिल्ली में मुलाकात हुई है। खबरों के अनुसार, यह बैठक करीब दो घंटे तक चली, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर तेज़ हो गया है।
इस मुलाकात को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि प्रशांत किशोर के कांग्रेस के साथ पहले से ही पुराने संबंध रहे हैं। ऐसे में दोनों नेताओं की बातचीत को भविष्य की राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
वहीं, संसद परिसर में जब पत्रकारों ने प्रियंका गांधी से इस मुलाकात को लेकर सवाल किया तो उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “ये कोई न्यूज है? देश में इतनी समस्याएं हैं।” उनके इस बयान से भी अटकलों को और हवा मिली है।
इधर, कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि प्रशांत किशोर और कांग्रेस के बीच जल्द ही किसी बड़े राजनीतिक समझौते की संभावना हो सकती है। हालांकि, फिलहाल इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।