News Image

राजनीतिक स्वार्थ के लिए वंदे मातरम् को भी बांटा गया: गजेंद्र शेखावत

केंद्रीय मंत्री श्री गजेंद्र शेखावत शनिवार को अपने गृह जनपद जोधपुर पहुंचे। इस अवसर पर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए वंदे मातरम् जैसे पवित्र गीत को भी विभाजित करने का प्रयास किया और दुर्भाग्यवश आज भी वही मानसिकता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि आज भी कुछ लोग राष्ट्र की एकता और स्वतंत्रता जैसे मूल मंत्रों को राजनीतिक लाभ-हानि के तराजू में तौलते हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत 4 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेज़ी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में लागू किए गए नए गवर्नेंस मॉडल के कारण देश के गरीब वर्ग के जीवन में बड़ा परिवर्तन आया है और लगभग 30 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं।

उन्होंने कहा कि देश में सद्भावना और विकास का नया युग प्रारंभ हुआ है। सरकार द्वारा दुनिया का सबसे बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट अभियान चलाया गया है, जिसके परिणामस्वरूप सड़क, हाईवे, एविएशन और वॉटरवे जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। इससे देश में यात्रा की स्वतंत्रता और सुविधाओं को नई ऊंचाइयां मिली हैं।

श्री शेखावत ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत की छवि सशक्त और सकारात्मक हुई है, जिससे वैश्विक स्तर पर भारत के प्रति आकर्षण बढ़ा है। साथ ही सरकार ने सुनियोजित ढंग से पर्यटन सुविधाओं के उन्नयन और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार किया है। पर्यटन सर्किट और डेस्टिनेशन में किए गए निवेश का परिणाम है कि पिछले 10 वर्षों में पर्यटन क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।