
अमित शाह पर टिप्पणी मामले में राहुल गांधी को राहत, चाईबासा कोर्ट से मिली जमानत
कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को झारखंड के चाईबासा स्थित एमपी-एमएलए विशेष अदालत से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में जमानत दे दी है। यह मामला वर्ष 2018 की एक चुनावी रैली के दौरान दिए गए भाषण से संबंधित है।
बुधवार सुबह करीब 10:55 बजे राहुल गांधी अदालत में पेश हुए। उनके वकील ने बताया कि कांग्रेस नेता झारखंड हाईकोर्ट के निर्देशानुसार कोर्ट में पेश हुए और जमानत की अर्जी दी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। वकील के मुताबिक, अब आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।
क्या है मामला?
यह मामला वर्ष 2018 में चाईबासा में एक चुनावी सभा के दौरान राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर गृह मंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसको लेकर प्रताप कुमार नामक एक स्थानीय नागरिक ने चाईबासा के मजिस्ट्रेट कोर्ट में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि राहुल गांधी ने जानबूझकर अमित शाह की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से यह बयान दिया।
विशेष अदालत के आदेश को हाईकोर्ट में दी थी चुनौती
इससे पहले राहुल गांधी ने विशेष अदालत के 26 जून को पेश होने के आदेश को झारखंड उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी। उनके वकील ने 10 जून को कोर्ट को सूचित किया कि वे तय तारीख को पेश नहीं हो पाएंगे और इसके बदले 6 अगस्त की तारीख देने का अनुरोध किया गया था, जिसे हाईकोर्ट ने स्वीकार कर लिया।
पूर्व सीएम शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल हुए राहुल
राहुल गांधी मंगलवार को झारखंड पहुंचे थे। वे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रामगढ़ जिले के नेमरा गांव पहुंचे थे। इसके अगले दिन उन्होंने चाईबासा कोर्ट में अपनी पेशी दी।
चाईबासा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
राहुल गांधी की चाईबासा यात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। उप-मंडल पदाधिकारी (सदर) संदीप अनुराग टोपनो ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चाईबासा में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। राहुल गांधी रांची से हेलीकॉप्टर द्वारा चाईबासा पहुंचे थे, जहां टाटा कॉलेज ग्राउंड में उनके लिए विशेष हेलीपैड तैयार किया गया था।