.png)
रूस का यूक्रेन पर बड़ा ड्रोन हमला, ओडेसा में एक की मौत, छह घायल
रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध लगातार और भी उग्र होता जा रहा है। शनिवार तड़के रूस ने यूक्रेन के कई शहरों को निशाना बनाते हुए 300 से अधिक ड्रोन और 30 से ज्यादा क्रूज मिसाइलें दागीं। सबसे गंभीर हमला काला सागर के तटीय शहर ओडेसा पर हुआ, जहां 20 से अधिक ड्रोन और एक मिसाइल से हमला किया गया। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है।
ओडेसा के मेयर हेन्नादी त्रुखानोव ने बताया कि हमले में एक ऊंची इमारत में आग लग गई थी, जिसमें से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इन हमलों को शांति प्रयासों पर गहरा आघात बताया है। उन्होंने बताया कि सुमी क्षेत्र में भी रूस के हमलों से महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। जेलेंस्की ने यूक्रेन की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों का आभार व्यक्त किया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि रूस अब ऐसे हमलों की तीव्रता बढ़ा रहा है। हाल ही में 8 जुलाई को रूस ने रिकॉर्ड 700 ड्रोन लॉन्च किए थे। रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि शनिवार को उसने 71 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, जबकि मॉस्को की ओर बढ़ते 13 ड्रोन भी मार गिराए गए।